भारतीय टीम पहले ही 4-0 से सिरीज़ जीत चुकी है. मेज़बान श्रीलंका की टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई है.
रविवार को श्रीलंका की टीम अपनी नाक बचाने के लिए मैदान पर उतरेगी.
श्रीलंका के कप्तान महेला जयवर्धने का कहना है कि टीम का मनोबल कम नहीं हुआ है लेकिन टीम आख़िरी वनडे मैच जीतना चाहती है ताकि भरोसे के साथ अगली सिरीज़ में हिस्सा ले सके.
भारत के साथ सिरीज़ के बाद एक बार फिर श्रीलंका को पाकिस्तान दौरे पर जाना है.
कोलंबो में पत्रकारों से बातचीत में जयवर्धने ने कहा, "श्रीलंका को आने वाले दिनों में कई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं और टीम आख़िरी वनडे जीतकर नए भरोसे के साथ इन मैचों में उतरना चाहेगी."
हालाँकि जयवर्धने ने स्वीकार किया कि भारत के ख़िलाफ़ सिरीज़ में टीम की एक नहीं चल पाई है.
परेशानी
गेंदबाज़ी के मोर्चे पर पिछली सिरीज़ में भारतीय खिलाड़ियों को परेशान करने वाले अजंता मेंडिस न चल पाए और न ही अनुभवी मुरलीधरन. दोनों ने इस सिरीज़ में अभी तक तीन-तीन विकेट ही लिए हैं.
भारतीय टीम उत्साह से भरी हुई है
दूसरी ओर भारतीय टीम उत्साह से भरी हुई है. युवराज सिंह, वीरेंदर सहवाग और गौतम गंभीर शतक लगा चुके हैं जो कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी अच्छी पारियाँ खेली हैं.
उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं. चौथे वनडे में तो वे दुर्भाग्यशाली रहे और शतक से चूक गए.
गेंदबाज़ी के मोर्चे पर प्रज्ञान ओझा और ईशांत शर्मा अभी तक इस सिरीज़ में सात-सात विकेट ले चुके हैं. ईशांत शर्मा का कहना है कि उनकी टीम पाँचवें वनडे में श्रीलंका को हराना चाहती है.
उन्होंने कहा, "निश्चित रूप से हम श्रीलंका को 5-0 से मात देना चाहते हैं. हम अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहते हैं. हम इस सिरीज़ में सकारात्मक क्रिकेट खेल रहे हैं और आख़िरी मैच में भी ऐसा ही करेंगे."
श्रीलंका के ख़िलाफ़ सिरीज़ से पहले भारत ने इंग्लैंड को 5-0 से मात दी थी. चौथा मैच जीतकर भारत ने लगातार नौ वनडे जीतने का नया रिकॉर्ड भी बनाया है.
इनमें से चुनी जाएगी भारतीय टीम
इनमें से चुनी जाएगी भारतीय टीममहेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), वीरेंदर सहवाग, गौतम गंभीर, सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, रोहित शर्मा, सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा, यूसुफ़ पठान, ज़हीर ख़ान, ईशांत शर्मा, लक्ष्मीपति बालाजी, प्रज्ञान ओझा, इरफ़ान पठान और प्रवीण कुमार
इनमें से चुनी जाएगी श्रीलंका की टीम
इनमें से चुनी जाएगी श्रीलंका की टीममहेला जयवर्धने (कप्तान), सनत जयसूर्या, कुमार संगकारा, उपुल थरंगा, तिलकरत्ने दिलशान, चमारा कपूगेदरा, थिलन कन्दांबी, जेहान मुबारक, फ़रवीज़ महारूफ़, मुथैया मुरलीधरन, अजंता मेंडिस, दिलहारा फ़र्नांडो, नुवान कुलशेखरा, थिलन तुषारा और एंगेलो मैथ्यूज