दर्शकों के बीच भारत में खेला जायेगा आईपीएल 2022?, मेजबानी को लेकर सौरव गांगुली ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का समापन चेन्नई सुपर किंग्स के चौथे खिताब के साथ हो गया है, इसके साथ ही फैन्स के बीच आईपीएल 2022 को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी है। आईपीएल 2021 का आयोजन भारत में ही किया गया था, हालांकि दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस की दूसरी लहर के प्रकोप को देखते हुए बीसीसीआई को इसे बीच में ही रोकना पड़ा और बचे हुए मैचों को यूएई शिफ्ट करना पड़ा। यूएई में खेले गये दूसरे लेग के दौरान फैन्स और दर्शकों ने भी स्टेडियम में वापसी की थी, जिसके बाद अगले सीजन को लेकर सवाल है कि क्या आईपीएल 2022 का आयोजन भारत में कराया जायेगा और क्या यूएई ही की तरह दर्शकों की भारत में भी स्टेडियम के अंदर वापसी हो सकेगी।

कहां पर होगा आईपीएल 2022 का आयोजन
अब इस सवाल का जवाब खुद बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने दिया है और बताया कि मेजबानी को लेकर बोर्ड क्या सोच रहा है। उन्होंने कहा,'मुझे पूरा यकीन है कि आईपीएल 2022 का आयोजन भारत में ही होगा क्योंकि यह हमारा घरेलू टूर्नामेंट है। कोरोना के हालात पर हम तेजी से पकड़ बना रहे हैं और अगले सीजन के आयोजन तक बेहतर स्थिति में पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में हमें दर्शक भी स्टेडियम में वापसी करते हुए मिल सकते हैं। दुबई में हमने फैन्स के बीच अच्छा टूर्नामेंट खेला लेकिन यूएई और भारत के माहौल में अंतर है, भारत में फैन्स खेल के लिये दीवाने रहते हैं।'

भारत को खिताब जीतने के लिये क्या करना होगा
इस कार्यक्रम के दौरान सौरव गांगुली से यूएई में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप में भारतीय टीम की जीत की दावेदारी को लेकर भी सवाल किया गया जिस पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी टीम खिताब जीतने से बस कुछ ही कदम दूर है और अगर वो परिपक्वता दिखाती है हम इस बार खिताब को घर लेकर जरूर आयेंगे।
उन्होंने कहा,'हमारी टीम में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, खिलाड़ियों के पास अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रन बनाने और विकेट चटकाने की काबिलियत के साथ ही अनुभव भी मौजूद है। टीम को विश्वकप जीतने के लिये अपनी मानिसक मजबूती में सुधार करना होगा और खुद पर किसी भी परिस्थिति से निकलना का विश्वास जताना है। हम खिताब जीतने के बजाय हर मैच पर ध्यान देंगे तो हमारा काम आसान हो जायेगा और हम धीरे-धीरे बढ़ते खिताब भी जीत जायेंगे। हमारा काम प्रक्रिया पर होना चाहिये, नतीजे अपने आप पक्ष में आयेंगे।'

क्या विश्वकप में भी दिखेंगी धीमी पिच
इस दौरान जब सौरव गांगुली से आईपीएल 2021 के दौरान यूएई की धीमी पिचों और लो स्कोरिंग मैच को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि टी20 विश्वकप के दौरान भी ऐसा ही देखने को मिलेगा। शारजाह में शायद विकेट के चलते ऐसा हो सकता है लेकिन दुबई में ऐसा होना मुश्किल है। सौरव गांगुली का मानना है कि अबुधाबी की पिच बल्लेबाजों के लिये शानदार रहने वाली है जिसके चलते यह विश्वकप काफी मजेदार साबित होगा। आपको बता दें कि 17 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस मल्टीनेशन टूर्नामेंट में भारतीय टीम 24 अक्टूबर से अपने अभियान का आगाज करेगी, जहां पर उसे पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
