MI vs RCB: संजय मांजरेकर ने मुंबई को दिया जीत का मंत्र, बताया- कैसे पाकिस्तान से सीखे बुमराह का इस्तेमाल
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वां सीजन का दूसरा चरण यूएई में शुरू हो चुका है, जहां पर कुछ टीमों ने वहीं से खेल को शुरू किया है जहां पर पहले चरण में छोड़ा था तो वहीं पर कुछ टीमों को अभी भी अपनी लय को वापस हासिल करने का इंतजार है। पहले चरण के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमों में शुमार मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का नाम भी उसी फेहरिस्त में शुमार जिनके लिये यूएई का चरण अब तक ठीक नहीं रहा है। दोनों टीमों को दूसरे लेग में खेले गये अब तक के दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है जिसके बाद रविवार को अब यह दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ जीत की आस के साथ उतरेंगी।
और पढ़ें: DC vs RR: संजू सैमसन ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी करेगी दिल्ली, जानें कैसी होगी प्लेइंग 11
पहले चरण के दौरान 7 में से 5 मैच जीतकर उतरने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को पहले दिल्ली कैपिटल्स और फिर चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा है, तो वहीं पर 7 में से 4 जीत हासिल करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम को पहले सीएसके और फिर केकेआर के हाथों हार मिली है। ऐसे में रविवार को खेला जाने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिये काफी अहम साबित होने वाला है।

बुमराह नहीं इन दो गेंदबाजों के साथ मुंबई करे शुरुआत
इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और कॉमेंटेटर संजय मांजरेकर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए कहा कि मुंबई इंडियंस कैसे मुंबई इंडियंस का इस्तेमाल बेहतर तरीके से कर सकती है। मांजरेकर ने सुझाया कि मुंबई की टीम को गेंदबाजी की शुरुआत ट्रेंट बोल्ट और एडम मिल्ने के साथ करनी चाहिये ताकि बुमराह का इस्तेमाल मैच के दूसरे पड़ाव में बेहतर तरीके से किया जा सके।
उन्होंने कहा,'अगर आप बुमराह की स्टाइल को देखें तो वो सिराज या दीपक चाहर की तरह नहीं हैं जो विकेट नहीं मिलने की दशा में बल्लेबाज को अपनी स्विंग से आउट करने की कोशिश करते हैं। बुमराह को ज्यादातर विकेट मैच के दूसरे हाफ में मिलती है। तो ऐसे में मुंबई की टीम को ट्रेंट बोल्ट और एडम मिल्ने के साथ गेंदबाजी की शुरुआत करनी चाहिये।'

पाकिस्तान से सीखे बुमराह का इस्तेमाल
संजय मांजरेकर ने इस दौरान पाकिस्तान क्रिकेट टीम का उदाहरण देते हुए बताया कि जिस तरह से उमर गुल स्लॉग ओवर्स में गेंदबाजी किया करते थे वैसे ही मुंबई की टीम बुमराह का इस्तेमाल कर सकती है। मांजरेकर का मानना है कि मुंबई को इस तेज गेंदबाज का इस्तेमाल तब करना चाहिये जब वो मुश्किल परिस्थितियों से गुजर रही हो।
उन्होंने कहा,'अगर आपको याद हो तो उमर गुल पाकिस्तान के लिये पारी के अंत में गेंदबाजी किया करते थे और इस दौरान वह काफी सफल भी हुए थे। मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस को भी बुमराह के 4 ओवर्स के साथ ऐसा ही करना चाहिये और उन्हें पहले 10 ओवर्स के बाद गेंदबाजी के लिये बुलाना चाहिये। इस बीच अगर ऐसा होता है कि मुंबई की टीम परेशानी में है और बल्लेबाज खुलकर रन बना रहा है तो उन्हें वहां पर लाकर मैच बदलने की कोशिश करनी चाहिये लेकिन ऐसा नहीं होता है तो उन्हें बाद के स्टेज के लिये बचाकर रखना चाहिये। आपको उन्हें तब बुलाना चाहिये जब दबाव बढ़ जाये और बल्लेबाज शॉट लगाने के लिये बेकरार हो।'

आरसीबी के खिलाफ बुमराह पर होगी जीत की जिम्मेदारी
गौरतलब है कि जैसे-जैसे प्लेऑफ की तैयारी बढ़ रही है वैसे-वैसे टीमों के लिये हर मैच अहम होता जा रहा है। मुंबई और आरसीबी के बीच खेले गये अब तक के मैचों की बात करें तो मुंबई का पलड़ा अब तक भारी रहा है लेकिन आरसीबी की टीम के पास कई पावरहिटर्स हैं जिनके दम पर वो खेल का रुख बदल सकती है। दोनों टीमों के बीच अब तक 28 बार मुकाबला हो चुका है जिसमें 11 बार आरसीबी और 17 बार बैंगलोर की टीम को जीत मिली है। इस सीजन खेले गये मैच में जब पहली बार दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ तो आरसीबी की टीम ने बेहद रोमांचक तरीके से एक रन से मैच जीत लिया था।
मुंबई के लिये जसप्रीत बुमराह दूसरे लेग में अब तक शानदार गेंदबाजी की है और केकेआर के खिलाफ मैच में न सिर्फ उन्होंने 3 विकेट हासिल किये थे बल्कि विकेट हासिल करने वाले इकलौते गेंदबाज भी रहे थे। ऐसे में आरसीबी के खिलाफ भी उन पर यह काम जारी रखने की जिम्मेदारी होगी। आरसीबी के पास फॉर्म में लौट चुके विराट कोहली, देवदत्त पाड्डिकल, एबी डिविलियर्स और ग्लेन मैक्सवेल जैसे कई विस्फोटक बल्लेबाज हैं जिन्हें रोकने की जिम्मेदारी बुमराह के कंधों पर होगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications