ऋषभ पंत ने आखिरी ओवर को लेकर तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों रबाडा के बजाय टॉम कर्रन से करायी गेंदबाजी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का पहला क्वालिफायर मैच रविवार को दुबई के मैदान पर खेला गया, जहां पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने आखिरी ओवर के रोमांच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 4 विकेट से हराकर 9वीं बार फाइनल में जगह बना ली है। पिछले सीजन सबसे पहले आईपीएल के लीग स्टेज से बाहर होने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने इस साल जबरदस्त वापसी की और फाइनल में सबसे पहले जगह बनाने वाली टीम बनी। दिल्ली कैपिटल्स की टीम को इस मैच टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिये उतरना पड़ा जहां पर उसने पहले बल्लेबाजी करते हुए पृथ्वी शॉ (60) और ऋषभ पंत (51) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 172 रनों का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में सीएसके की टीम ने 19.4 ओवर्स में 173 रन बनाकर 4 विकेट से जीत हासिल कर ली। इस जीत के बाद जहां सीएसके की टीम दुबई में ही रहकर दूसरे फाइनलिस्ट का इंतजार करेगी तो वहीं पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम शारजाह पहुंचकर एलिमिनेटर के विजेता के साथ दूसरा क्वालिफायर खेलेगी।
और पढ़ें: DC vs CSK: हेटमायर का विकेट लेते ही ड्वेन ब्रावो ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बने

धोनी के फिनिशिंग मूव ने दिल्ली से छीनी जीत
जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने रॉबिन उथप्पा (70) और ऋतुराज गायकवाड़ (63) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर चेज को एकतरफा बना दिया। हालांकि टॉम कर्रन की गेंदबाजी और श्रेयस अय्यर की शानदार फील्डिंग के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने वापसी की और मैच को उस स्थिति में ले गई, जहां पर वो जीत हासिल कर सकती थी, लेकिन सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 6 गेंद में 3 चौके और एक छक्का लगाकर मैच को जीत लिया और फाइनल में जगह बनायी।

आखिरी ओवर में चाहिये थे 13 रन
दिल्ली कैपिटल्स की टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिये 13 रनों का बचाव करना था, जिसके बाद सभी का मानना था कि गेंदबाजी कगिसो रबाडा को दी जायेगी, हालांकि ऋषभ पंत ने ऐसा नहीं किया और बॉलिंग के लिये टॉम कर्रन को बुलाया। उनके इस फैसले ने सभी को हैरान कर दिया और हार के बाद कई दिग्गजों ने उनके इस फैसले को फाइनल में नहीं पहुंच पाने की वजह भी करार दिया।
टॉम कर्रन ने 20वें ओवर की शानदार शुरुआत करते हुए पहली ही गेंद पर मोइन अली का कैच कराया और दिल्ली को वो शुरुआत दिलाई जिसकी तरफ वो देख रही थी। इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी स्ट्राइकर एंड पर पहुंच चुके थे, जिन्होंने कर्रन की दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार 2 चौके जड़कर उनकी लेंथ बिगाड़ दी। कर्रन ने लगातार 2 चौके खाने के बाद वाइड फेंक दी और अगली गेंद पर फिर चौका खाया। इसके चलते दिल्ली कैपिटल्स की टीम 2 गेंद पहले ही मैच को हार गई।

पंत ने बताया क्यों दिया टॉम कर्रन को आखिरी ओवर
आकाश चोपड़ा, गौतम गंभीर समेत कई दिग्गजों ने ऋषभ पंत और कोच रिकी पोंटिंग के फैसले की आलोचना करते हुए रबाडा से गेंदबाजी न कराने को लेकर सवाल खड़े किये हैं, जिसको लेकर कप्तान ऋषभ पंत ने चुप्पी तोड़ी है और बताया कि उनके इस फैसले के पीछे का क्या कारण रहा है।
मैच के बाद जब ऋषभ पंत प्रेंजेटेशन सेरेमनी में पहुंचे तो उनका चेहरा लटका हुआ था जहां पर उनसे 20वां ओवर टॉम कर्रन से कराने की वजह पूछी गयी, जिसके जवाब में पंत ने कहा, 'अगर आप आखिरी ओवर छोड़ दें और पूरे मैच को देखें तो टॉम कर्रन ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की है। मुझे लगा कि आज टॉम का दिन अच्छा रहा है और कई बार जब एक खिलाड़ी का दिन अच्छा जा रहा होता है तो वो आपके लिये मैच विनर बन जाता है। दुर्भाग्य से टॉम के साथ ऐसा नहीं हो सका, मैं बता नहीं सकता कि हार के बाद कैसा महसूस कर रहे हैं लेकिन हमें यकीन है कि हम गलतियों से सबक लेकर अगले मैच में वापसी करेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications