राष्ट्रमंडल खेलों में ऑस्ट्रेलियाई टीम के डॉक्टर ने चेतावनी दी है कि खेलों के दौरान कुछ एथलीटों को डेंगू बुख़ार होने की पूरी-पूरी आशंका है.
आठ दिनों के अंदर दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेल हो रहे हैं. लेकिन शहर में पिछले कुछ दिनों से हुई लगातार बारिश के कारण काफ़ी जल-जमाव है.
इस समय दिल्ली में आम तौर पर भी डेंगू के ज़्यादा मामले आते हैं और इस साल भी इसका काफ़ी असर है. पिछले चार सालों के मुक़ाबले इस साल यहाँ डेंगू के ज़्यादा मामले सामने आए हैं.
ऑस्ट्रेलियन अख़बार द एज के मुताबिक़ कॉमनवेल्थ गेम्स टीम के मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर पीटर हरकोर्ट ने कहा कि उन्हें लग रहा है कि कुछ खिलाड़ियों को डेंगू बुख़ार हो सकता है.
लेकिन उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि ऐसे मामले कम ही होंगे. एक दिन पहले ही ऑस्ट्रेलियन ओलंपिक समिति के प्रमुख जॉन कोट्स ने कहा था कि भारत को राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी नहीं मिलनी चाहिए थी.
आयोजन समिति शुरू से ही यह दावा कर रही है कि खेल गाँव का ख़ास ख़्याल रखा गया है ताकि वहाँ खिलाड़ियों को डेंगू न हो. लेकिन पिछले कुछ दिनों में यहाँ लगातार बारिश हुई थी और यमुना नदी का जलस्तर भी ख़तरे के निशान से ऊपर चला गया था.
इस स्थिति में डेंगू वाले मच्छरों के पनपने की आशंका रहती है. कई एथलीटों ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए पहले ही इस खेल से अपना नाम वापस ले लिया था.
ताज़ा कड़ी में ब्रितानी गोताखोर पीटर वॉटरफ़ील्ड का भी नाम जुड़ गया है, जिन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली राष्ट्रमंडल खेल से अपना नाम वापस ले लिया है.