उन्होंने कहा कि कलमाड़ी की जगह जरनैल सिंह को इस पद की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.इसके पहले सीबीआई ने राष्ट्रमंडल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी से पूछताछ की थी.उल्लेखनीय है कि सुरेश कलमाड़ी पर वर्ष 2010 में दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान हुई कथित अनियमितताओं के कई आरोप हैं.इस कथित धांधली की जांच कर रही सीबीआई ने पिछले साल दिसंबर में सुरेश कलमाड़ी के दिल्ली और पुणे स्थित आवासों पर छापे भी मारे थे.
सीबीआई जाँच
सीबीआई ने राष्ट्रमंडल खेलों में हुई कथित अनियमितताओं के संबंध में तीन एफ़आईआर दर्ज की हैं.इनमें से एक एफ़आईआर खेलों के दौरान स्कोर दर्ज करने के लिए इस्तेमाल किए गए 'सिस्टम' की डील को लेकर है.इसके अलावा दो अन्य मामले 'क्वींस बेटन रिले' के दौरान किराए पर ली गई कारों के ठेके में कथित धांधली को लेकर हैं.
सीबीआई ने राष्ट्रमंडल आयोजन समिति के संयुक्त महानिदेशक टीएस दरबारी और उप महानिदेशक संजय महिंद्रू को गिरफ़्तार किया था, अब ये दोनों ज़मानत पर बाहर हैं.केंद्रीय जांच एजेंसी ने खेलों की आयोजन समिति के महानिदेशक वीके वर्मा और महासचिव ललित भनोट के घर पर भी 30 नवंबर को छापे मारे थे.
राष्ट्रमंडल खेलों पर शुरु से ही कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार का साया मंडराता रहा है.हाल में खेलों के आयोजन में शामिल कई विदेशी कंपनियों ने आयोजन समिति पर लाखों डॉलर का भुगतान रोकने का आरोप लगाया था.