'आईपीएल के चलते रन मशीन बने विराट कोहली', अजीत अगरकर ने की आरसीबी कप्तान की जमकर तारीफ
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन में अगर किसी टीम का सफर अब तक शानदार रहा है तो वो है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का, जिसने ऐतिहासिक आंकड़ों को बदलते हुए पहली बार अपने चार मैचों में जीत हासिल करने का कारनामा किया है। गुरुवार को खेले गये मैच में आरसीबी की टीम ने विराट कोहली (72) और देवदत्त पाड्डिकल (101) की पारियों के दम पर 10 विकेट से जीत हासिल की और अंकतालिका में एक बार फिर से पहले नंबर पर काबिज हो गये हैं। विराट कोहली ने अपनी इस पारी के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड हासिल किया और आईपीएल में 6 हजार रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गये।
ऐसे में दिग्गज खिलाड़ियों ने विराट कोहली की शानदार पारी की तारीफ की जिसमें भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत आगरकर भी शामिल हैं जिन्होंने विराट कोहली के ओवरऑल करियर को शानदार करने में आईपीएल और उनकी टीम आरसीबी का बड़ा हाथ बताया है।

आईपीएल में खेलने से बढ़ा कोहली का विश्वास
अजीत आगरकर का मानना है कि 13 सालों से एक ही टीम से खेलने वाले विराट कोहली आज जिस तरह से रन मशीन बने हुए हैं और सभी प्रारूपों में रनों की बरसात कर रहे हैं उसमें इंडियन प्रीमियर लीग का बहुत बड़ा हाथ रहा है।
आगरकर ने स्टार स्पोर्टस के शो क्रिकेट कनेक्टेड में कहा,'जब आप अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अच्छा करते हैं तो आप में आत्म-विश्वास की मात्रा भरपूर होती है। लेकिन जब आप आईपीएल में सबसे फेमस फ्रैंचाइजी के लिये बतौर कप्तान रन बनाते हैं तो बेशक आपको अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भी उतना ही अच्छा करने का विश्वास मिलता है।'

आरसीबी के लिये हर दिन खेलना दबाव भरा
गौरतलब है कि विराट कोहली मौजूदा समय में दुनिया के सबसे अच्छे बल्लेबाजों में से एक गिने जाते हैं जो कि साल 2008 से आरसीबी की टीम से जुड़े हुए हैं और साल 2013 से टीम की कमान संभाल रहे हैं।
आगरकर ने उनकी कप्तानी को लेकर कहा,'आरसीबी की टीम 13 सालों में एक बार भी खिताब नहीं जीत सकी है, ऐसे में जब आप आरसीबी के लिये खेलने उतरते हैं तो हर दिन आप पर एक दबाव रहता है। जब आप भारत के लिये खेलने उतरते हैं तो जाहिर तौर पर आप पर वही दबाव होता है लेकिन आरसीबी के लिये खेलना कम नहीं है। आप मैच के अंदर और बाहर दबाव में होते हैं लेकिन जब आप रन बनाते हैं तो आप जानते हैं कि आपका फोकस बना हुआ है और आप आसानी से अपना खेल जारी रखते हैं। विराट ने भी ऐसा ही किया।'

आईपीएल ने विराट कोहली को बनाया बेहतर कप्तान
अजीत आगरकर का मानना है कि विराट कोहली के अंतर्राष्ट्रीय करियर में आईपीएल ने भी अहम भूमिका निभाई है और वो आज जिस तरह से रन मशीन बने हुए हैं उसमें उसका बड़ा हाथ है।
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि आईपीएल में आरसीबी की कप्तानी संभालने से कोहली को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दबाव से निपटने में मदद मिली, जिसके चलते उनका अंतर्राष्ट्रीय करियर भी बेहतर हुआ है। मुझे यकीन है कि विराट कोहली भी इस बात से इंकार नहीं करेंगे कि आईपीएल ने उनके करियर में काफी प्रभाव डाला है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
