ज़हीर ख़ान और हरभजन सिंह की जोड़ी ने दक्षिण अफ़्रीका के मध्यक्रम की रीढ़ तोड़कर कोलकाता टेस्ट में अपनी टीम की नाटकीय वापसी कराई.
कोलकाता टेस्ट के पहले दिन का खेल ख़त्म होन तक दक्षिण अफ़्रीका ने नौ विकेट पर 266 रन बना लिए थे. ख़राब रोशनी के कारण पहले दिन का खेल कुछ पहले रोक दिया गया.
एक समय दक्षिण अफ़्रीका की टीम बहुत अच्छी स्थिति में थी और लग रहा था कि नागपुर टेस्ट की तरह टीम विशाल स्कोर की ओर बढ़ रही है.
अपना पहला टेस्ट खेल रहे एल्वीरो पीटरसन और हाशिम अमला के शतकों की बदौलत दक्षिण अफ़्रीका का स्कोर दो विकेट पर 228 रन था.
लेकिन एक बार विकेट गिरने शुरू हुए तो गिरते रहे. ज़हीर ख़ान और हरभजन सिंह ने तीन-तीन विकेट लिए. अमित मिश्रा और ईशांत शर्मा को एक-एक विकेट मिला.
ख़राब शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एक बार फिर दक्षिण अफ़्रीका ने ख़राब शुरुआत की. कप्तान ग्रैम स्मिथ सिर्फ़ चार रन बनाकर ज़हीर ख़ान की गेंद पर आउट हो गए.
लेकिन इसके बाद पीटरसन और अमला ने दूसरे विकेट की साझेदारी में 209 रनों की साझेदारी की. अपना पहला टेस्ट खेल रहे एल्वीरो पीटरसन ने शतक लगाया.
लेकिन ठीक 100 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए. उनके आउट होने के कुछ देर के बाद हाशिम अमला भी 114 रन बनाकर आउट हो गए.
पहले टेस्ट के हीरो हाशिम अमला ने एक बार फिर दक्षिण अफ़्रीका की पारी संभाली और शतक भी लगाया.
विकेट
इसके बाद दक्षिण अफ़्रीका की टीम पर भज्जी और ज़हीर हावी हो गए. एक-एक करके उनके विकेट गिरते रहे.
एबी डी वेलियर्स और ज़ाक कैलिस के अलावा बाक़ी खिलाड़ियों का स्कोर दोहरे अंक में भी नहीं पहुँचा.
ख़राब रोशनी के कारण जब पहले दिन का खेल रोक दिया गया, उस समय दक्षिण अफ़्रीका ने नौ विकेट पर 266 रन बनाए थे.
वेन पॉर्नेल दो और मॉर्ने मॉर्केल तीन रन बनाकर नाबाद हैं. दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत पहला टेस्ट हार चुका है.