पूर्व क्रिकेटर बोले, अब समय आ गया है कि मनीष पांडे आराम करें, इस खिलाड़ी को मिले मौका
चेन्नई। आईपीएल के इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को लगातार तीसरे मैच में हार का मुंह देखना पड़ा है। लगातार तीन हार के बाद टीम के अंदर निराशा का माहौल है। टीम के कप्तान डेविड वॉर्नर लगातार हार को पचा नहीं पा रहे हैं। पिचले मैच में हार के बाद वॉर्नर ने कहा था कि यह हार बहुत कड़वी है और इसे पचा पाना बहुत मुश्किल है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार के बाद भी वॉर्नर ने कहा कि इस हार पर क्या ही कहूं, यह बहुत ही निराशाजनक है, अगर हम लंबी पारी नहीं खेल सकते हैं तो मैच नहीं जीत सकते हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना मिडल ऑर्डर का कमजोर होना है। शीर्ष क्रम के आउट होने के बाद टीम में कोई ऐसा बल्लेबाज नही है जो मैच में टीम की वापसी कराए और अंत तक लंबी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाए।

मिडल ऑर्डर फिर बिखरा
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के सामने जीत के लिए 151 रन का लक्ष्य था,टीम ने पारी की जबरदस्त शुरुआत की। कप्तान डेविड वॉर्नर ने 36 रन और जॉनी बेयरस्टो 43 रन के स्कोर पर आउट हुए, दोनों ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद लगातार विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। टीम में अभिषेक शर्मा, अब्दुल समद, मनीष पांडे, विजय शंकर कुछ खास नहीं कर सके,जिसके चलते अंत में टीम को 13 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद पूर्व क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा का मानना है कि टीम में अब केदार जाधव को शामिल करना चाहिए।

केदार को टीम में शामिल करना चाहिए
प्रज्ञान ओझा ने कहा कि टीम को केदार जाधव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना चाहिए, वह मिडल ऑर्डर में बेहतरीन बल्लेबाज हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का मिडल ऑर्डर बुरी तरह से विफल रहा था। अच्छी शुरुआत मिलने के बाद भी हैदराबाद की टीम 137 रन ही बना सकी और मैच में टीम को 13 रन से हार का सामना करना पड़ा। ओझा ने कहा कि नंबर 3 बहुत ही अहम पोजीशन है, ऐसे में मनीष पांडे को बेहतर करना होगा, हर मैच के बाद उनपर दबाव बढ़ रहा है। जो लोग मैच को करीब से देख रहे हैं वो देख सकते हैं कि मनीष पांडे टीम के लिए नंबर 3 की भूमिका निभा नहीं पा रहे हैं।

मनीष पांडे को ब्रेक लेना चाहिए
ओझा ने कहा कि कभी-कभी आपको पीछे की सीट लेनी चाहिए, कुछ मैचों के लिए आपको ब्रेक लेना चाहिए और अपने गेम के बारे में सोचना चाहिए। आप जब लगातार खेल रह होते हैं और अच्छा नहीं कर रहे होते है, तो आप समझ नहीं पाते हैं को आपके साथ क्या हो रहा है और क्या नहीं हो रहा है, ऐसे में आपको कुछ देर के लिए विश्राम करना चाहिए। आपको केदार जाधव जैसे खिलाड़ी की जरूरत है, अगर आप मिडल ऑर्डर को देखें तो टीम के मिडल ऑर्डर ने डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो की मेहनत को आगे नहीं बढ़ाया है। ऐसे में केदार जाधव शायद टीम के लिए बेहतर कर सके, क्योंकि अभी भी टीम को चेन्नई में कुछ और मैच खेलने हैं। वह ना सिर्फ अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं बल्कि ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं और टीम की बल्लेबाजी में कुछ स्थिरता ला सकते हैं।

तीन मैचों में लक्ष्य का पीछा करते हुए हारी SRH
बता दें कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गई है। लगातार तीन मैच में हैदराबाद की टीम को तीनों में हार का सामना करना पड़ा। तीनों ही मैच में हैदराबाद की टीम अच्छा नहीं कर सकी। तीनों ही मैच में हैदराबाद की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच हारी है। पहले मैच में हैदराबाद की टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में 10 रन से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरे मैच में आरसीबी के खिलाफ टीम मैच 6 रन से हार गई थी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
