स्टुअर्ट बिन्नी बोले- मैं जब उस वीडियो को देखता हूं तो मेरे रोंगटे खड़े हो जाते हैं
नई दिल्ली। भारत के हरफनमौला खिलाड़ी स्टुअर्ट बिन्नी ने अपने देश के लिए 6 टेस्ट, 14 वनडे और 3 टी 20 मुकाबले खेले हैं। लेकिन वह पिछले कुछ समय से काफी व्यस्त हैं और नागालैंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं। हालांकि, बिन्नी ने 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में अपनी असाधारण गेंदबाजी की बदौलत इतिहास रचते हुए खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
टीम इंडिया बारिश से प्रभावित मैच में 105 का बचाव कर रही थी, और उन्हें मैच जीतने के लिए गेंद के साथ एक विशेष प्रयास की आवश्यकता थी। और यह स्टुअर्ट बिन्नी ही वो खिलाड़ी थे जिन्होंने अकेले ही अपनी गेंदबाजी से विपक्ष को ध्वस्त कर दिया। जब बिन्नी ने कहर बरपाया था, तब मेजबान टीम 12 ओवर में 44 रन बनाकर 2 विकेट गंवा चुकी थी। लेकिन बांग्लादेश उस समय हैरान रह गया था जब उनकी पूरी टीम अगले छह ओवर बाद 58 रन पर आउट हो गई। बिन्नी ने अंतिम आठ विकेट में से छह विकेट चटकाए थे और 4.4 ओवर में केवल चार रन दिए।
स्टुअर्ट बिन्नी ने कहा है कि आज भी वो जब उस स्पेल का वीडियो देखते हैं तो उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। बिन्नी ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए कहा कि आज भी मैं जब उस वीडियो को देखता हूं तो मेरे रोंगटे खड़े हो जाते हैं। आप उससे बेहतर दिन की कल्पना नहीं कर सकते हैं। उस मैच में हमने ज्यादा रन नहीं बनाए थे, इसलिए गेंदबाजों के ऊपर काफी दबाव था। विकेट खराब नहीं थी लेकिन बारिश की वजह से खिलाड़ी लय हासिल नहीं कर पा रहे थे।
स्टुअर्ट बिन्नी ने आगे कहा कि कवर हटाने और लगाने का काम लगातार जारी था। पिच में थोड़ी नमी थी और इसने मेरी गेंदबाजी को अनुकूल बनाया। मेरी गेंदबाजी के लिए उससे अच्छा विकेट मुझे नहीं मिल सकता था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
