ओलंपिक में भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास तो शाहरुख खान ने भेजा खास मैसेज, कोच से की अपील
नई दिल्ली। ओलंपिक खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने सोमवार को दुनिया की नंबर 2 टीम ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया और भारतीय महिला हॉकी टीम के लिये इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। जापान की राजधानी टोक्यो में जारी इन खेलों में जैसे ही भारतीय महिला टीम ने जीत हासिल की स्टेडियम में बॉलीवुड फिल्म चक दे इंडिया का टाइटल ट्रैक बजने लगा, इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर भी लोगों को चक दे इंडिया मूवी का रियल लाइफ मूमेंट नजर आने लगा।
और पढ़ें: Tokyo 2020: भारतीय महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत पर क्यों माफी मांगने लगे कोच, दिल जीत लेगा कारण
भारतीय टीम की जीत से खुश फैन्स ने टीम के कोच जोर्ड मरीन की तुलना फिल्म के कोच कबीर खान से करनी शुरू कर दी जिनका अभिनय मशहूर अभिनेता शाहरुख खान ने किया था। इस बीच फिल्मी पर्दे के कोच कबीर खान (शाहरुख खान) ने रियल लाइफ कोच जोर्ड मरीन से खास अपील करते हुए महिला हॉकी टीम के लिये बधाई संदेश भेजा है।
और पढ़ें: Tokyo 2020: ओलंपिक में इतिहास रचने पर गोपीचंद ने दी पीवी सिंधु को बधाई, जानें क्या कहा

चक दे इंडिया के कबीर खान ने रियल लाइफ कोच को भेजा मैसेज
उल्लेखनीय है कि जीत के बाद टीम के कोच जोर्ड मरीन ने सोशल मीडिया पर एक सेल्फी पोस्ट करते हुए अपने परिवार से माफी मांगी और कहा कि देरी के लिये सॉरी, अभी आने में थोड़ा और वक्त लगेगा। इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए शाहरुख खान ने जवाब देते हुए लिखा, 'यह संदेश पूर्व कोच कबीर खान की तरफ से है- हां-हां कोई दिक्कत नहीं है, बस आते हुए करोड़ों लोगों के इस परिवार के लिये अपने साथ गोल्ड लेते आइयेगा। धनतेरस भी इस साल 2 नवंबर को ही है।'

वायरल हो रहा है यह ट्वीट
गौरतलब है कि शाहरुख खान का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। अब भारतीय टीम को सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के साथ भिड़ना है जिसका मैच 4 अगस्त को खेला जायेगा। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मैच में बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर बाहर कर दिया। भारतीय टीम के लिये ओलंपिक की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी, और उसे नीदरलैंडस के खिलाफ पहले मैच में 1-5 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं पर जर्मनी और ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ भी उसकी हार का सिलसिला बरकरार रहा और आयरलैंड-साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल कर उसने पूल ए की सबसे आखिरी टीम के रूप में क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।

41 साल में पहली बार भारत ने बनाई सेमीफाइनल में जगह
ऐसे में किसी को उम्मीद नहीं थी कि भारतीय टीम पूल बी की टॉप टीम को हराकर बाहर करेगी। आपको बता दें कि भारत के लिये गुरजीत कौर ने 22वें मिनट में गोल किया और फिर पूरी टीम ने इस बढ़त को बरकरार रखा। अंत में भारतीय टीम जीत हासिल करने में सफल हुई। 1980 में ओलंपिक खेलों में शुरू हुए महिला हॉकी टीम में पहली बार भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंची है। 2016 के रियो ओलंपिक्स में वह 12वें पायदान पर रही थी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications