रियो द जेनेरियो। भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने मीडिया में आई उस खबर का खंडन किया है जिसमें यह कहा जा रहा था कि उन्होंने रियो ओलंपिक खेल गांव में अपने आने का समय भारतीय टेनिस टीम को नहीं बताया।
उन्होंने उस खबर को भी झूठा बताया जिसमें यह कहा गया कि पेस ने डबल्स पार्टनर रोहन बोपन्ना के साथ रूम शेयर करने से मना किया। पेस ने कहा कि वे पहले से तय प्लान के अनुसार रियो पहुंचे और भारतीय टेनिस टीम को इसकी जानकारी थी।
'मीडिया में चल रही खबरें झूठी'
मीडिया में पेस और बोपन्ना में मतभेद की खबरों के साथ यह बात भी आई थी कि पेस बोपन्ना के साथ रियों में एक ही रूम में नहीं रहना चाहते। ऐसी खबर भी आई कि पेस के रियो पहुंचने में देरी होने की वजह से मैच प्रैक्टिस के लिए दोनों को बहुत कम समय मिला। लेकिन पेस ने मीडिया में आई इन बातों का खंडन करते हुए इसे आधारहीन और झूठा बताया।
लिएंडर पेस भारत की तरफ से सातवें ओलंपिक में हिस्सा ले रहे हैं। रियो में देर से पहुंचने के बारे में उन्होंने कहा कि यह सब पहले से तय था।
ट्विटर पर पेस ने जाहिर की निराशा
मीडिया में अपने बारे में चल रही खबरों पर निराशा जताते हुए पेस ने ट्विटर पर लिखा, 'मैं मीडिया में की जा रही है इस बात से निराश और बेहद दुखी हूं जिसमें कहा जा रहा है कि मैंने भारतीय टेनिस टीम को अपने रियो पहुंचने के सही समय के बारे में सूचित नहीं किया।
I am disappointed and feel sad by the baseless suggestions in a section of the media and especially (cont) https://t.co/NhR7vVkSXf
— Leander Paes (@Leander) August 5, 2016
पेस ने लिखा, 'ऐसा भी कहा जा रहा है कि मैंने अपने डबल्स पार्टनर रोहन बोपन्ना के साथ रूम शेयर करने से मना किया, लेकिन यह झूठी और मनगढ़ंत बात ओलंपिक प्रतियोगिता में हमारी तैयारी को प्रभावित करने के लिए की जा रही है। मैं रियो ओलंपिक खेल गांव में पहले से तय प्लान के अनुसार ही रह रहा हूं।'
पेस ने आगे लिखा, 'मेरे इस स्पष्टीकरण के बाद आशा है कि मीडिया में चल रही इस तरह की मनगढ़ंत खबरों पर रोक लगेगी ताकि हम अपने देश के लिए बेहतर टेनिस खेलने की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर सकें। मैं भारत की तरफ से खेलने वाले अपने सभी सह खिलाड़ियों के लिए कामना करता हूं कि वे रियो ओलंपिक में बेहतर से बेहतर करें।'
भारत के मिशन प्रमुख राकेश गुप्ता ने भी स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि पेस हमेशा अकेले ही रहते हैं। उन्होने कहा, 'रियो में पेस को रहने के लिए रूम दिया गया है। इस बारे में कोई विवाद नहीं है। पेस जैसे बड़े खिलाड़ी को रूम मिलना ही चाहिए।'
लिएंडर-बोपन्ना विवाद
लिएंडर पेस ने भले किसी भी तरह के विवाद से इंकार किया हो लेकिन बोपन्ना ने ओलंपिक मेन्स डबल्स में खेलने के लिए पेस को नहीं, कम रैंक वाले साकेथ मायनेनी को पार्टनर बनाने की इच्छा जाहिर की थी। लेकिन ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन ने इस मामले में हस्तक्षेप कर पेस को ही बोपन्ना के पार्टनर के तौर पर रखा था।