'उसके लिये नहीं है टी20 विश्वकप की टीम में जगह', कायरन पोलार्ड ने इन फॉर्म सुनील नरेन पर बड़ा बयान
नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के लिये आईपीएल 2021 के एलिमिनेटर मैच में वेस्टइंडीज के हरफनमौला खिलाड़ी सुनील नरेन ने शानदार प्रदर्शन किया और ऑलराउंडर प्रदर्शन से टीम को क्वालिफायर में पहुंचाया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेले गये इस मैच में सुनील नरेन ने पहले गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 4 विकेट चटकाये और फिर बल्लेबाजी में डैनियल क्रिश्चियन के एक ओवर में 3 छक्के लगाकर मैच के नतीजे को अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। हालांकि इसके बावजूद इस 33 वर्षीय गेंदबाज को वेस्टइंडीज की टी20 विश्वकप टीम में जगह नहीं दी गई है।
17 अक्टूबर से यूएई और ओमान के मैदान पर खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिये वेस्टइंडीज की 15 सदस्यीय टी20 विश्वकप टीम का ऐलान पहले ही कर दिया है लेकिन जिस तरह से नरेन ने फॉर्म में वापसी की है उसके बाद कई दिग्गजों का मानना था कि वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड इस खिलाड़ी को आखिरी समय में टीम में एंट्री दे सकता है। हालांकि इस सवाल का जवाब अब टी20 प्रारूप के कप्तान कायरन पोलार्ड ने दिया है और पुष्टि की है कि उनकी टीम में कोई बदलाव नहीं होने वाला है।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए पोलार्ड ने कहा,'अगर मैं उनके टीम में शामिल करने या न करने को लेकर कुछ भी दो शब्द कहता हूं तो मेरे शब्दों का मतलब हर दिशा में अलग-अलग निकाला जायेगा, ठीक वैसे है जैसे वो शारजाह की विकेट पर गेंदबाजी कर रहा-हर दिशा में। इस मुद्दे पर एक ही बात कहता हूं कि हमारे पास अभी जो 15 खिलाड़ी हैं हम उसी पर ध्यान देते हैं और उन्हीं के साथ आगे बढ़ते हैं। यह ज्यादा जरूरी है, हमारे सामने इन खिलाड़ियों के साथ खेलने की चुनौती है और अपने खिताब का बचाव करने की जिम्मेदारी।'
कायरन पोलार्ड ने आगे बात करते हुए कहा कि मेरा मानना है कि लोगों ने इस समय तक अपने तर्कों से यह साफ कर दिया है कि उनका टीम में चयन क्यों नहीं होना चाहिये। अपने निजी विचार की बात करूं तो मैं सुनील नरेन को एक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर से पहले एक दोस्त के तौर पर जानता हूं। हम साथ में खेलते हुए बड़े हुए हैं और वो एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं।'
गौरतलब है कि सुनील नरेन ने दूसरे क्वालिफायर में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी शानदार गेंदबाजी की है और 4 ओवर फेंक कर सिर्फ 27 रन दिये। इस मैच में भले ही वो विकेट निकाल पाने में नाकाम रहे हैं लेकिन उनकी शानदार गेंदबाजी के चलते दिल्ली कैपिटल्स बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर सकी और निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 135 रन ही बना सकी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
