जसप्रीत बुमराह: IPL में हिट, टीम इंडिया में फ्लॉप, 5 वनडे में लुटा दिए 319 रन
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज में टीम इंडिया को पहले दो मैचों में शर्मनाक हार देखने को मिली है। दोनों ही मैचों में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया, जिसके सामने टीम इंडिया बौनी नजर आई। अहम बात यह कि भारत के जबरदस्त गेंदबाजी लाइनअप ऑस्ट्रेलिया के सामने पूरी तरह से जूझती नजर आई। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा सभी इस दौरे पर अपनी धार दिखाने में विफल रहे। वनडे में नंबर एक गेंदबाज बुमराह इस सीरीज में पूरी तरह से अपने स्पार्क में नजर नहीं आए।

पांच मैचों में लुटाए 319 रन
पिछले पांच वनडे मैचों की बात करें तो जसप्रीत बुमराह ने इन मैचों में रिकॉर्ड 319 रन लुटाए, अहम बात यह है कि पिछले पांच मैचो में बुमराह को सिर्फ दो विकेट मिले हैं। बुमराह को टीम का अहम और स्ट्राइक गेंदबाज माना जाता है और उनसे टीम पॉवर प्ले में ब्रेकथ्रू की उम्मीद करती है लेकिन बुमराह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। पिछले 5 वनडे मैचों में भारतीय टीम पहले पॉवरप्ले में एक भी विकेट हासिल नहीं कर सकी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए दो वनडे मैचों में बुमराह ने जमकर रन लुटाए हैं।

महंगे साबित हुए बुमराह
पहले वनडे की बात करें तो जसप्रीत बुमराह ने इसमे 10 ओवर में 73 रन दिए और वह तीसरे सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। पहले मैच में बुमराह सिर्फ एरॉन फिंच का एक विकेट ले सके। दूसरे वनडे की बात करें तो इस मैच में भी बुमराह ने 79 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट ले सके। अहम बात यह है कि टीम के सबसे अहम गेंदबाज बुमराह इस मैच में भी सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए, जिसकी वजह से भारतीय टीम को इस मैच में भी 51 रन से हार का सामना करना पड़ा और सीरीज गंवानी पड़ी।

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन
हाल ही में खत्म हुए आईपीएल में जिस तरह से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाज की उसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनका शर्मनाक प्रदर्शन टीम के लिए मुश्किल को बढ़ा रहा है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में बुमराह सबसे किफायती और सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। 15 मैचों में बुमराह ने 27 विकेट अपने नाम किए थे। बुमराह को मौजूदा समय का सबसे बेहतरीन गेंदबाज माना जाता है, ऐसे में उनका इस तरह का प्रदर्शन टीम के लिए मुश्किल का सबब बना हुआ है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications