राष्ट्रमंडल खेलों का समापन समारोह अब से कुछ देर बाद दिल्ली के जवाहरलाल स्टेडियम में शुरु होने वाला है.दो घंटे तक चलने वाले समापन समारोह पर लोगों की निगाहें टिकी हुईं हैं.
समारोह के लिए स्टेडियम में भीड़ जुट चुकी है. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी स्टेडियम पहुँचे हुए हैं.समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे हैं जो समारोह में आ चुके हैं. समापन समारोह में ध्वज अगले मेज़बान स्टॉकलैंड को थमा देगा.
उदघाटन समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण रहा एरोस्टेट फिर से स्टेडियम में स्थापित किया गया है.
तीन अक्तूबर को हुए भव्य उदघाटन समारोह के बाद अब सबको उम्मीद है कि समापन समारोह भी उतना ही भव्य और शानदार होगा.
समापन समारोह को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. समारोह की सुरक्षा में हज़ारों पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात हैं.
साथ ही दिल्ली के कई क्षेत्रों में आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया गया है.उदघाटन समारोह में भारत की सांस्कृतिक विरासत को दिखाया गया था और कहा जा रहा है कि समापन समारोह में भी भारत का हर रंग देखने को मिलेगा.
समापन समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह,ब्रिटेन के प्रिंस एडवर्ड और राष्ट्रमंडल खेल संघ के अध्यक्ष माइकल फ़ेनेल संबोधित करेंगे.
मेज़बान देश भारत के खिलाड़ियों ने भी खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. भारत ने 38 स्वर्ण समेत कुल 101 पदक जीते हैं.