ऑस्ट्रेलिया की पकड़ मजबूत
ज़हीर खान ने पांच विकेट लिए लेकिन ऑस्ट्रेलिया 428 रन बनाने में सफल रही.
भारत के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 428 रन बनाए जिसके जवाब में भारत ने दो विकेट खोकर 110 रन बना लिए हैं.
ऑस्ट्रेलिया ने आज सुबह पहले दिन के स्कोर पाँच विकेट पर 224 रन से आगे खेलना शुरु किया और तेज़ गति से रन बनाए.
नाबाद शतक बना कर पिच पर टिके शेन वाटसन ने कुछ अच्छे शॉट लगाए लेकिन 126 रनों के निजी स्कोर पर उन्हें हरभजन सिंह ने गौतम गंभीर के हाथों कैच करा दिया.
इसके बाद टीडी पेन और जॉनसन ने सातवें विकेट की साझेदारी में 81 रन जोड़े.. जब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 357 रन था तब जॉनसन का विकेट गिरा. 47 रनों के निजी स्कोर पर जॉनसन को ज़हीर खान की गेंद पर धोनी ने कैच किया.
इसके बाद हिलफनहॉस ने पेन का साथ दिया लेकिन पेन अपना शतक बनाने से पहले ही आउट हो गए.
वाटसन ने 126 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया.
पेन को 92 रनों के निजी स्कोर पर ज़हीर खान ने लक्ष्मण के हाथों कैच कराया. ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 428 रन बना पाई.
भारत की तरफ़ से ज़हीर खान ने पाँच विकेट लिए जबकि हरभजन को तीन और ओझा को एक विकेट मिला.
ऑस्ट्रेलिया के बड़े स्कोर के जवाब में भारत की शुरुआत अच्छी रही. गौतम गंभीर और वीरेंदर सहवाग ने पहले विकेट की साझेदारी में 81 रन बनाए.
गंभीर 25 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए. उन्हें मिशेल जानसन ने पगबाधा आउट किया.
सहवाग ने कुछ बेहतरीन शॉट लगाए और 54 गेंदों में 59 रन बनाए. उन्हें भी मिशेल जॉनसन ने क्लार्क के हाथों कैच कराया.
इस समय पिच पर राहुल द्रविड़ हैं जिन्होंने 20 रन बनाए हैं और नाइट वाचमैन के तौर पर उनका साथ ईशांत शर्मा दे रहे हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications

