बैंगलौर। भले ही रवींद्र जडेजा आईपीएल के सबसे महंगे खिलाडि़यों में शुमार हों पर एक समय ऐसा भी था जब उन्हें एक पूरे दिन में दस रूपये में ही अपना खर्च चलाना पड़ता था। जडेजा ने इंडियन एक्सप्रेस को दिये गये इंटरव्यू में कहा हमें जब भी घर से दूर खेलने के लिए जाना होता था तो हमें काफी मुश्किल होती थी क्योंकि हमें मात्र दस रूपये में ही गुजारा करना होता था, यहां तक की हमें पानी भी बाहर से ही खरीद कर पीना होता था। ऐसे में इतने कम पैसों में खर्च चलाना बेहद मुश्किल काम था।
सन 2012 में जडेजा को चेन्नई सुपर किंग्स ने दो मिलियन डॉलर में खरीदा था, वहीं सूत्रों के हवाले से पता चला है कि जडेजा पर चेन्नई ने डेक्कन चार्जर्स से टाई ब्रेकर जीतने के लिए उन पर 6 मिलियन डॉलर लगाये हैं।
जडेजा ने बताया कि अब मैं काफी पैसे कमाता हूं, पर अगर ऐसा वक्त आ जाये कि मुझे 'कम से कम' पैसों में अपना खर्च चलाना पड़े तो भी मैं अपना जीवन चला सकता हूं। जडेजा का कहना है कि वह कपड़ों और खाने के मामले में ज्यादा चूज़ी नहीं हैं। मुझे क्रिकेट ने काफी कुछ दिया है। ऐसे में अगर मैं उसे खर्च कर रहा हूं तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। जडेजा ने अपने घोड़े पालने के शौक पर कहा कि जब मैं छोटा था तो हमारे पास पालतू जानवरों को खिलाने के लिए कुछ भी नहीं था, इसलिए मैंने कभी कुत्ते नहीं पाले।
जडेजा ने बताया कि जब वह छोटे थे तो दो वक्त का खाना उनके परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती थी।