IND vs ENG: ओवल टेस्ट में जीत के लिये वीवीएस लक्ष्मण ने कोहली को दिया सुझाव, बताया किन बदलावों के साथ उतरे टीम
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच हेडिंग्ले के मैदान पर खेला गया जिसमें इंग्लैंड की टीम ने विराट सेना को दोनों विभागों में पीछे छोड़ दिया और मैच को एकतरफा कर एक पारी और 76 रनों की विशाल जीत हासिल की। इस मैच में भारतीय टीम की बल्लेबाजी का मध्यक्रम संघर्ष करता नजर आया और टीम को हार से बचाने में अहम योगदान दे पाने में नाकाम साबित हुई। इस हार के बाद से खेल जगत के दिग्गज खिलाड़ी विराट सेना को ओवल में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट के लिये अपनी प्लेइंग 11 में बदलाव करने का सुझाव दे रहे हैं।
और पढ़ें: IND vs ENG: ओवल टेस्ट से पहले भारतीय टीम से जुड़े प्रसिद्ध कृष्णा, बीसीसीआई ने किया टीम का ऐलान
इस दौरान टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे की भी काफी आलोचना की जा रही है और उनके प्रदर्शन को लेकर उन्हें चौथे मैच से बाहर कर उनकी जगह सूर्यकुमार यादव को मौका दिया जाने की बात कही जा रही है। इस बीच भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने भी विराट कोहली को जीत के लिये सुझाव दिये हैं और बताया है कि उन्हें टीम में क्या बदलाव करने चाहिये।

अपनी काबिलियत से नहीं खेले हैं अजिंक्य रहाणे
वीवीएस लक्ष्मण टीम में बदलाव को लेकर बाकियों से अलग राय रखते हैं, जिसके अनुसार लक्ष्मण का मानना है कि रहाणे को टीम की तरफ से बैक किया जाना चाहिये। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से रहाणे लगातार छोटे स्कोर बनाते जा रहे हैं, जो कि इस सीरीज के दौरान भी जारी है। इतना ही नहीं सीरीज के दौरान वह लगभग एक ही तरह से आउट होकर पवेलियन लौट रहे हैं, जिसके चलते उनकी तकनीक की भी आलोचना हुई है। हालांकि वीवीएस लक्ष्मण ने रहाणे की मैच जिताऊ पारियों को याद करते हुए कहा कि वो इस खिलाड़ी में अपने विश्वास को बरकरार रखेंगे।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए वीवीएस लक्ष्मण ने कहा,'इसमें कोई शक नहीं है कि रहाणे ने अपनी काबिलियत के हिसाब से प्रदर्शन नहीं किया है। हालांकि इसके बाद मैं उन्हे इस टीम में बतौर लीडर देखता हूं, वह टीम के अहम ग्रुप का हिस्सा है। हम सभी जानते हैं कि जब ऑस्ट्रेलिया में टीम 36 रन पर ऑल आउट हो गई थी तो उसके बाद उन्होंने भारतीय टीम के लिये बतौर कप्तान क्या किया था। रहाणे के शानदार शतक ने भारतीय टीम को न सिर्फ सीरीज में वापसी कराई, बल्कि टीम में भी कमबैक करने की भावना को लेकर विश्वास जगाया। ऐसे में जो खिलाड़ी खराब दौर से गुजर रहे हैं मैं उनमें अपना विश्वास रखना नहीं छोड़ूंगा। मैं उन्हें टीम से बाहर करने का विचार भी नहीं लाउंगा।'

बल्लेबाजी ने हर बार किया है निराश
उल्लेखनीय है कि हेडिंग्ले टेस्ट में विराट कोहली को पहली बार सीरीज में टॉस जीत मिली और उन्होंने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि बल्लेबाजी के दौरान भारतीय टीम पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुई और महज 78 रन पर सिमट गई।
लक्ष्मण का मानना है कि भारतीय टीम को अपने प्लेइंग 11 में 5 मुख्य गेंदबाज रखने के टेम्पलेट में बदलाव करना चाहिये और एक अतिरिक्त बल्लेबाज को टीम में शामिल करना चाहिये। इस दौरान वीवीएस लक्ष्मण ने भारतीय टीम के बल्लेबाजों की भी आलोचना की जो कि ज्यादातर समय पर सलामी बल्लेबाजों पर निर्भर रही और अपनी काबिलियत के हिसाब से प्रदर्शन नहीं कर सकी है।

अश्विन की वापसी से मिलेगी मजबूती
उन्होंने आगे बात करते हुए कहा,'एक विभाग जिसमें भारतीय टीम अपनी पूरी काबिलियत से प्रदर्शन नहीं कर सकी है वो हैं बल्लेबाजी विभाग, पहले तीनों टेस्ट मैच में मुझे महसूस हुआ है कि जैसे मध्यक्रम को टेस्ट देना पड़ा है और वो पूरी तरह से रन बनाने के लिये रोहित शर्मा और केएल राहुल पर निर्भर नजर आयी है। ऐसे में मुझे लगता है कि आपको टीम में अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाने की दरकार है और विराट कोहली और रवि शास्त्री को इस बारे में सोचने की दरकार है।'
इस दौरान लक्ष्मण ने कहा कि वह ओवल टेस्ट में ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग 11 में वापसी करते हुए देखना चाहते हैं। लक्ष्मण का मानना है कि इंग्लिश टीम की बल्लेबाजी क्रम में 3 बायें हाथ के बल्लेबाज हैं और उनके रिकॉर्ड को देखते हुए यह फायदेमंद साबित हो सकता है, वहीं पर मध्यक्रम में भी अश्विन अपनी गेंदबाजी से प्रभावित कर सकते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
