टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में शार्दुल ठाकुर होने चाहिए तीसरे तेज गेंदबाज, संजय मांजरेकर ने बताई वजह
नई दिल्ली। भारतीय टीम 18 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट सीरीज का फाइनल मुकाबला खेलेगी। ऐसे में फाइनल मुकाबले से पहले किस खिलाड़ी को प्लेइंग 11 में जगह मिलनी चाहिए इसको लेकर अलग-अलग क्रिकेट एक्सपर्ट अपनी राय दे रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर का मानना है कि टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में भारत को जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी के साथ शार्दुल ठाकुर को तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर टीम में मौका दिया जाना चाहिए। मांजरेकर ने कहा कि शार्दुल ठाकुर मोहम्मद सिराज और इशांत शर्मा की तुलना में ज्यादा प्रभावी साबित हो सकते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि इंग्लैंड में गर्मियों के शुरुआत में गेंद स्विंग करती है और शार्दुल गेंद को स्विंग करा सकते हैं।
इंग्लैंड में गेंद करेगी स्विंग
संजय मांजरेकर ने कहा कि जब भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले हाफ में खेलेगा तो मैं शार्दुल ठाकुर को स्विंग गेंदबाज की वजह से टीम में मौका दूंगा और उन्हें जसप्रीत बुमराह व मोहम्मद शमी के बाद तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर टीम में शामिल करूंगा। उन्होंने कहा कि जब भारत न्यजीलैंड में था तो उस वक्त भारत को एक प्रभावी स्विंग गेंदबाज की कमी खली थी। मैं जानता हूं कि भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की थी इस वजह से न्यूजीलैंड को जीत मिली थी। लेकिन न्यूजीलैंड के पास बेहतर स्विंग गेंदबाज थे जो किसी न्यूजीलैंड की परिस्थिति में घातक साबित हो सकते हैं।
इंग्लैंड की परिस्थिति शार्दुल के अनुकूल
मांजरेकर ने कहा कि इंग्लैंड में मौसम गेंदबाजों की मदद करेगा। गर्मियों में पहले आधे मौसम की बात करें तो सूरज ज्यादा तेज नहीं निकलता है, लिहाजा माहौल न्यूजीलैंड की ही तरह होगा। बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 18 जून से 22 जून के बीच खेला जाएगा। शार्दुल ठाकुर ने ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया था, उन्होंने ना सिर्फ गेंद से बल्कि बैट से भी काफी उपयोगी पारी खेली थी, जिसकी वजह से टीम इंडिया को सीरीज में 2-1 से जीत मिली थी। आईपीएल में भी शार्दुल का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है,ऐसे में माना जा रहा है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।
भुवनेश्वर कुमार की जगह मिली टीम में जगह
दरअसल इंग्लैंड के दौरे पर भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल नहीं किया गया है। बावजूद इसके कि वह ना सिर्फ जबदस्त फॉर्म में हैं बल्कि गेंद को जबरदस्त तरह से स्विंग कराते हैं। रिपोर्ट के अनुसार भुवनेश्वर कुमार इतने लंबे दौरे के लिए अभी पूरी तरह से फिट नहीं हैं, यही वजह है कि उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई है। ऐसे में भुवनेश्वर कुमार की जगह टीम में शार्दुल ठाकुर को जगह दी गई है। लिहाजा यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर शार्दुल ने जो प्रदर्शन किया था उसे वह दोहरा पाते हैं। बहरहाल मोहम्मद सिराज, इशांत शर्मा की मौजूदगी में प्लेइंग इलवेन में जगह बना पाना शार्दुल के लिए आसान नहीं होगा। एक तरफ जहां इशांत के पास 100 से अधिक टेस्ट का अनुभव है तो दूसरी तरफ सिराज जबरदस्त फॉर्म में हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
