IPL में सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने एबी डिविलियर्स
अहमदाबाद। आईपीएल के इस सीजन में भी आऱसीबी के तूफानी बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का बल्ला जमकर बोल रहा है। मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ डिविलियर्स ने अर्धशतकीय पारी खेली जिसकी वजह से मैच में आरसीबी को जीत मिली और एबी डिविलियर्स को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। डिविलियर्स ने मैच में 42 गेंदों पर 75 रनों की पारी खेली जिसके चलते आरसीबी का स्कोर 171 रन तक पहुंचा और मैच में दिल्ली की टीम को 1 रन से हार का मुंह देखा पड़ा। इस मैच में जबरदस्त पारी खेलकर डिविलियर्स सबसे तेज 5000 रन पूरे करने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में जीत के बाद आरसीबी की टीम 10 अंकों के साथ पहले पायदान पर पहुंच गई है जबकि दिल्ली कैपिटल्स की टीम तीसरे स्थान पर है।

कोहली-वॉर्नर के बाद एबीडी
आईपीएल के इतिहास सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले एबी डिविलियर्स तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। डिविलियर्स ने 161 पारियों में यह कीर्तिमान अपने नाम किया है। उनसे आगे सिर्फ डेविड वॉर्नर और विराट कोहली है। डेविड वॉर्नर ने 135 पारियों में 5000 रन बनाने का कीर्तिमान अपने नाम किया है जबकि विराट कोहली ने 157 पारियों में यह कारनामा किया है। 5000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में डेविड वॉर्नर एक मात्र खिलाड़ी थे लेकिन अब डिविलियर्स भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं।

IPL में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी
आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी की बात करें तो विराट कोहली पहले पायदान पर हैं, उन्होंने आईपीएल में 6041 रन बनाए हैं। कोहली के बाद इस लिस्ट में सुरेश रैना का नाम है जिन्होंने 5472 रन बनाए हैं, तीसरे पायदान पर शिखर धवन हैं जिन्होंने 5456 रन बनाए हैं, चौथे पायदान पर रोहित शर्मा हैं जिन्होंने 5431 रन बनाए हैं जबकि डेविड वॉर्नर ने 5390 रन अपने नाम किए हैं।

एक रन से हारा दिल्ली
दिल्ली के खिलाफ मैच की बात करें तो एबी डिविलियर्स को छोड़कर कोई भी खिलाड़ी अच्छी शुरुआत को आगे नहीं बढ़ा सका। पडिक्कल 17 रन और कप्तान कोहली 12 रन बनाकर आउट हो गए। पहले 3.5 ओवर में आरसीबी के 30 रन बन गए थे लेकिन बाद में विकेट लगातार गिरते रहे जिसके चलते टीम को मुश्किल का सामना करना पड़ा। दिल्ली के गेंदबाजों ने अच्छी वापसी करते हुए आरसीबी के बल्लेबाजों को आसानी से रन नहीं बनाने दिए। आईपीएल के इस सीजन में अपना पहला मैच खेल रहे इशांत शर्मा ने मैच में पडिकल को पवेलियन की राह दिखाई। वहीं तेज गेंदबाज आवेश खान ने कप्तान कोहली को 12 के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। दोनों सलामी बल्लेबाजों के बाद ग्लेन मैक्सवेल ने तेज पारी खेली और दो बाउंड्री के लगाई लेकिन वह भी अपना विकेट अमित मिश्रा की गेंद पर गंवा बैठे और लॉन्ग ऑन पर स्टीव स्मिथ ने उनका शानदार कैच पकड़ा। हालांकि इसके बाद रजत पाटीदार ने 22 गेंदों पर 31 रनों की अहम पारी खेली और डिविलियर्स का साथ दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
