IPL के दौरान जब विराट कोहली ने किया था स्लेज, सूर्यकुमार बोले मुझे अच्छा लगा था
नई दिल्ली। भारतीय टीम की ओर से इसी साल सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में अपना पहला मैच खेला। लेकिन आईपीएल के दौरान जिस तरह से टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने सूर्यकुमार यादव को स्लेज किया था वह चर्चा का विषय बन गया था। आईपीएल के पिछले सीजन में जब मुंबई इंडियंस की टीम आरसीबी के खिलाफ 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो इस दौरान विराट कोहली ने सूर्यकुमार यादव को स्लेज किया था। ऐसे में सवाल उठने लगे थे कि कप्तान कोहली युवा खिलाड़ियों के साथ इस तरह का बर्ताव कैसे कर सकते हैं। हालांकि अच्छी बात यह है कि भारतीय टीम की ओर से जब सूर्यकुमार यादव ने जबरदस्त पारी खेली थी तो कप्तान विराट कोहली ने उनकी जमकर तारीफ भी की थी।

खेली थी मैच जिताऊ पारी
आरसीबी के खिलाफ इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने 43 गेंद पर 79 रनों की नाबाद पारी खेली और इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 3 छक्के लगाए थे, जिसकी बदौलत मुंबई इंडियंस की टीम ने मैच में पांच गेंद शेष रहते ही जीत दर्ज कर ली थी। इस मैच में सूर्यकुमार यादव को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया था। इस पारी के दौरान विराट कोहली ने सूर्यकुमार यादव को स्लेज करने की कोशिश की थी। इस घटना को याद करते हुए सूर्यकुमार ने कहा कि मैं इस बात से खुश था कि विराट कोहली मुझे स्लेज कर रहे हैं। मैं जानता था कि कोहली मेरा ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि उस समय मेरा विकेट अहम था।

मुझे अच्छा लगा कोहली ने स्लेज किया
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि ना सिर्फ मेरे खिलाफ बल्कि विराट कोहली हर बल्लेबाज के खिलाफ ऐसा ही करते हैं। मैं खुश था कि उन्होंने मुझे स्लेज किया। इसका मतलब यह होता कि कोहली भी जानते हैं कि अगर मैं बैटिंग करता रहा तो हम मैच जीत जाएंगे। मेरा विकेट गिरता तो और बल्लेबाजों पर दबाव आता और आरसीबी जीत का मौका बना सकती थी। सूर्यकुमार ने कहा कि मैं शांत स्वभाव का खिलाड़ी हूं, मैं इस तरह के विवादों में नहीं पड़ता और किसी भी स्लेजिंग से दूर रहता हूं। लेकिन एक समय ऐसा भी आया था उस मैच में जब मुझे लगा कि मैं भी यह कर सकता हूं।

मुश्किल समय में संभाली पारी
बता दें कि सूर्यकुमार यादव जब बल्लेबाजी करने के लिए आए तो मोहम्मद सिराज ने सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को आउट किया था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला और टीम के लिए आधे रन अकेले ही बना डाले। इशान किशन, क्रुणाल पांड्या, हार्दिक पांड्या और डी कॉक मैच में खास नहीं कर पाए थे। आईपीएल 2020 की बात करें तो सूर्यकुमार यादव के लिए वह सीजन अच्छा रहा था। उन्होंने 16 मैचों में 480 रन बनाए थे, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 145.01 का था जबकि औसत 40 का था। हालांकि दो बार वह शून्य पर आउट हुए और चार बार अर्धशतक लगाया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
