विराट के बिना भी ऑस्ट्रेलिया को हरा सकती है भारतीय टीम, हरभजन ने बताया किन 2 खिलाड़ियों पर होगी नजर
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय सीरीज की शुरुआत होने वाली है, जिसके दौरान भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के तहत 4 मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है। इस टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को कई अहम मोड़ों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ा है, जिसमें टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा और इशांत शर्मा का चोटिल होना और पहले टेस्ट मैच के बाद कप्तान विराट कोहली का वापस भारत लौटना शामिल है।
और पढ़ें: IND vs AUS: कोच लैंगर ने किया खुलासा, भारत के खिलाफ किसे देंगे डेब्यू का मौका
भारतीय टीम मैनेजमेंट जहां अपने चोटिल खिलाड़ियों के जल्द से जल्द फिट होकर टीम के साथ जुड़ने की राह तक रहा है तो वहीं पर पहली बार पिता बनने जा रहे विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम की बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिये भी तैयारी कर रही है। इस बीच भारतीय टीम के अनुभवी स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने स्पोर्टस तक से बात करते हुए उन दो खिलाड़ियों का नाम बताया है जो कि विराट कोहली की गैर मौजूदगी में टीम की बल्लेबाजी में नई जान फूंकने का काम करेंगे।
और पढ़ें: IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया में विराट लगायेंगे रिकॉर्डों की झड़ी, सचिन-पोंटिंग को छोड़ देंगे पीछे

विराट की गैर मौजूदगी अन्य खिलाड़ियों के लिये बड़ा मौका
हरभजन सिंह का मानना है कि एडिलेड में पहले टेस्ट मैच के बाद विराट कोहली की जगह को भरने के लिये भारतीय टीम के लिये सबसे बेहतर होगा कि वह इस बात को ही भूल जायें कि वह इस दौरे से लौट रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि उनकी गैर मौजूदगी से टीम और खिलाड़ियों पर असर डालेगा, लेकिन क्या इसका मतलब यह है कि उनका वापस न लौटना टीम को जीत की गारंटी देता है और हम 2 साल पहले की सफलता को दोहरा नहीं सकते।
स्पोर्टस तक से बात करते हुए हरभजन सिंह ने कहा,' विराट कोहली का पहले टेस्ट मैच के बाद भारत वापस आना केएल राहुल के लिये एक बड़े मौके की तरह है जो कि लंबे समय के बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं। विराट कोहली भारत के महान खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रन बनाने में मजा आता है, लेकिन उनकी गैर मौजूदगी अन्य खिलाड़ियों के लिये एक मौका बनकर सामने आयेगी, जिसे उन्हें भुनाने की दरकार है।'

हरभजन ने बताया किन 2 बल्लेबाजों को लेनी चाहिये जिम्मेदारी
वहीं भारतीय बल्लेबाजी के बारे में बात करते हुए हरभजन सिंह का मानना है कि टीम इंडिया के पास एक से बढ़कर एक शानदार बल्लेबाज हैं जिन्होंने कई बार जरूरत पड़ने पर खुद को साबित किया है और कोहली की गैर मौजूदगी में टीम के लिये चेतेश्वर पुजारा, केएल राहुल वो दो बल्लेबाज हैं जो टीम की बल्लेबाजी में स्थिरता लाने का काम कर सकते हैं।
उन्होंने कहा,' विराट कोहली की गैरमौजूदगी को चेतेश्वर पुजारा और केएल राहुल के लिये एक मौके के तौर पर देखना चाहिये जिनके पास खुद को साबित करने का मौका है। मुझे लगता है कि भारतीय टीम विराट कोहली के बिना भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी के लिये खतरा साबित हो सकती है और जीतने का दम रखती है। टीम को बस यह याद रखना है कि वो ऑस्ट्रेलिया में जीतने के लिये गये हैं और वो उस कारनामे को दोहरा सकते हैं जो उन्होंने पिछली बार किया था।'

ऑस्ट्रेलिया में शानदार है पुजारा का रिकॉर्ड
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जब साल 2018-19 में भारतीय टीम पहुंची थी तो उस दौरे पर चेतेश्वर पुजारा ने सबसे ज्यादा रन बनाने का काम किया और 3 शतक एवं 1 अर्धशतक की मदद से 521 रन जड़े थे। वहीं केएल राहुल ने हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया। केएल राहुल 2 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं और अभी तक उनका प्रदर्शन इस प्रारूप में कुछ खास नहीं रहा, हालांकि इस साल उनका फॉर्म जबरदस्त रहा है और टीम उम्मीद करेगी कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उनके बल्ले से वही कमाल देखने को मिले।
आपको बता दें कि भारतीय कप्तान विराट कोहली अपने पहले बच्चे के जन्म के चलते एडिलेड में खेले जाने वाले डे नाइट टेस्ट मैच के बाद वापस भारत लौट आयेंगे। उनकी गैर मौजूदगी में टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे टीम की कमान संभालते नजर आयेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
