विजेंदर ने एक और इतिहास रचा
एक साल पहले बीजिंग ओलंपिक में इतिहास रचने वाले भारत के मुक्केबाज़ विजेंदर सिंह ने एक और इतिहास रचा है. मिलान में चल रही विश्व बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के 75 किलोग्राम वर्ग में विजेंदर ने सेमी फ़ाइनल में जगह बना ली है. इसका मतलब ये है कि भारत को इस चैम्पियनशिप में पदक मिलना तय है.
ऐसा पहली बार होगा कि विश्व बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भारत को कोई पदक हासिल होगा. लेकिन भारत के एक अन्य मुक्केबाज़ दिनेश कुमार क्वार्टर फ़ाइनल में हार गए. इटली के मिलान शहर में चल रही इस चैम्पियनशिप के क्वार्टर फ़ाइनल में विजेंदर ने यूक्रेन के सर्गेई डेरेव्यानचेन्को को 12-4 से मात दी.
विजेंदर इस समय दुनिया के नंबर दो मुक्केबाज़ हैं और विश्व बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में उन्हें शीर्ष वरीयता दी गई है. जीत के बाद उत्साहित विजेंदर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "ये मुक़ाबला मेरे लिए आसान साबित हुआ. मैंने शुरू से ही बढ़त बनाई हुई थी. मैं ख़ुश हूँ कि मैंने भारत के लिए एक और इतिहास रचा है."
पिछले साल ओलंपिक में विजेंदर ने भारत को मुक्केबाज़ी में कांस्य पदक दिलाया था. हाल ही में 23 वर्षीय विजेंदर को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. एक अन्य क्वार्टर फ़ाइनल मैच में भारत के दिनेश कुमार अपना मैच हार गए. उन्हें रूस के आर्थर बेटरबिएफ़ ने हरा दिया.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications