'कोई IPL टीम मुझे क्यों नहीं लेती?'- क्या अब मिलेगा जो रूट को टी20 लीग में मौका
नई दिल्लीः जो रूट ने 2021 में जो फॉर्म दिखाई है वह दांतों तले अंगुली दबाने वाली है। अपने महान समकक्षों के बीच बहुत पिछड़ता जा रहा यह बल्लेबाज कभी खिसियाहट भरा कप्तान नजर आता था लेकिन यह जो रूट को देखने का शायद बहुत ही तंग नजरिया साबित हुआ। असल में वह उसी क्लास के खिलाड़ी थे जो उन्होंने अपने करियर के शुरुआत में दिखाई दी।
अपना सौवां टेस्ट खेल चुके रूट इस मैच में दोहरा शतक लगा चुके हैं। वे अब अलहदा खिलाड़ी हैं और उनसे पिंड छुड़ाना महाभारत साबित हो रहा है। वे उपमहाद्वीप में आकर स्पिनरों को कलात्मक खेल से चिढ़ा रहे हैं, यह तो स्पिन के गढ़ में और भी दर्द देने वाली बात है।

रूट को कोई भी आईपीएल फ्रेंचाइजी क्यों नहीं ले रही?
कोई बहुत दिन नहीं हुए जब हमने यह नोटिस करना भी छोड़ दिया था कि जो रूट अब आईपीएल का हिस्सा नहीं हैं। असल में हमने धीरे-धीरे उन पर ध्यान देना छोड़ दिया था। मीडिया में कोहली बनाम स्मिथ की मार्केटिंग होती थी और बचा खुचा ध्यान केन विलियमसन और बाबर आजम ले जाते थे।
आरपीजी ग्रुप में मुखिया हर्ष गोयंका ने यह भी सवाल उठाया है कि जो रूट को कोई भी आईपीएल फ्रेंचाइजी क्यों नहीं ले रही है। आखिर दिक्कत क्या है? उन्होंने रूट के शानदार शतक के लिए उनको बधाई भी दी।
IND vs ENG: भारत में सबसे बड़े 'अंग्रेज' बने रूट, जड़ से उखाड़ फेंके बड़े रिकॉर्ड

'रूट ने पूछा- मैं आईपीएल के लिए क्या करूं?'
इतना ही नहीं, इस बिजनेसमैन ने यह भी खुलासा किया है कि एक बार रूट ने उनसे पूछा था कि आखिर वह ऐसा क्या करें कि आईपीएल फ्रेंचाइजी उनको खिलाने पर विचार करें। रूट को अभी भी भारतीय प्रीमियर लीग में खेलना बाकी है।
इसके पीछे मुख्य कारणों में से एक इंग्लैंड के लिए खेल में सबसे छोटे प्रारूप में रूट का खराब रिकॉर्ड है। इंग्लिश टेस्ट कप्तान ने मई 2019 के बाद से एक टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। 32 टी 20 आई में, रूट ने 126.3 और औसत 35.7 के स्ट्राइक रेट से 893 रन बनाए हैं। उन्होंने पहली बार 2018 में आईपीएल नीलामी में प्रवेश किया था लेकिन अनसोल्ड रह गए।

हर्ष गोयंका ने उठाया सवाल-
इस बारे में ट्वीट करते हुए हर्ष गोयंका ने कहा-
अपने 100वें टेस्ट में सैकड़ा, लगातार तीसरा शतक- क्या शानदार पारी है जो रूट
जब वह मुझसे मिले तो पूछा कि था कि आखिर उनको ऐसा क्या करना चाहिए जो आईपीएल में जगह मिले, कोई भी टीम उनको क्यों नहीं ले रही है!

क्या अब रूट को मिलेगी आईपीएल में जगह-
वैसे तो जो रूट चेन्नई टेस्ट में डबल सेंचुरी लगा चुके हैं लेकिन क्या ये इस बात की गारंटी है कि उनको आईपीएल में जगह मिलेगी? हां, ये टेस्ट प्रारूप है और टी20 भिन्न है लेकिन किसी बल्लेबाज की फॉर्म एक प्रारूप से दूसरे में सिर चढ़कर बोल सकती है क्योंकि टेस्ट क्रिकेट सबसे मुश्किल है और एक तेज तर्रार टेस्ट बल्लेबाज के लिए वनडे या टी20 मुश्किल नहीं है। हालांकि, मामला तब पलट जाता है जब आप केवल टी20 में तूफान पैदा करते हैं और टेस्ट नहीं खेलते। तब कोई नहीं कह सकता है इस टी20 बल्लेबाज को टेस्ट में मौका मिलना चाहिए। कैरेबियाई टीम में ऐसे ही टी20 शूरवीर हैं लेकिन वे टेस्ट के लायक नहीं माने जाते। हम उम्मीद करेंगे आईपीएल में भी रूट की क्लास दिखाई दे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
