नई दिल्ली। भारत के टॉप क्यूइस्ट पंकज आडवाणी ने एशियन स्नूकर टूर इवेंट के फाइनल में फतेह हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। पंकज आडवाणी ने चीन के जू रेती को रौंद इस खिताब पर कब्जा जमाया है। पंकज ने रेती को 6-1 से हराकर इस खिताब को दूसरी बार हासिल करने में सफलता प्राप्त की है। जू रेती और पंकज आडवाणी के बीच ये मुकाबला चीन के जिनान में हुआ।
15 साल के बाद पंकज आडवाणी के नाम ये दूसरा खिताब है। इससे पहले पंकज साल 2003 में चीन में ही ये खिताब अपने नाम करने में कामयाब हुए थे। बता दें कि पंकज ने पाकिस्तान के मोहम्मद बिलाल को हराकर एशियन स्नूकर टूर सेकेंड लेग इवेंट के फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले दोहा में आयोजित हुए एशियन स्नूकर टूर के लेग वन इवेंट में पकंज आडवाणी को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा था।