बेंगलुरू टेस्ट: भारत ने पहली पारी में बनाए 495 रन (लीड-2)
बेंगलुरू, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट श्रृंखला के दूसरे मैच के चौथे दिन मंगलवार को मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के शानदार दोहरे शतक की बदौलत भारतीय टीम ने पहली पारी में 495 रन बनाए।
चौथे दिन सचिन के पेवेलियन लौटने के बाद भारत के पुछल्ले बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। मास्टर ब्लास्टर के आउट होने के बाद भारत के शेष चार बल्लेबाजों ने मिलकर कुल नौ रन ही जोड़े। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जानसन ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा पीटर जॉर्ज और नाथन हॉरिट्ज ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले तीसरे दिन के स्कोर पांच विकेट पर 435 रन से आगे खेलते हुए सचिन ने जल्द ही अपना दोहरा शतक पूरा किया। तीसरे दिन वह 191 रनों पर नाबाद लौटे थे। टेस्ट करियर में सचिन का यह छठा दोहरा शतक है। उनके अलावा भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग ने ही छह बार दो सौ से अधिक का आकड़ा पार किया है आस्ट्रेलिया के खिलाफ सचिन ने दूसरी बार दोहरा शतक लगाया है।
दोहरा शतक लगाने के बाद सचिन ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं खड़े रह सके और पीटर जॉर्ज की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 363 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौकों और दो छक्कों की मदद से 214 रन बनाए। सचिन के आउट होने के बाद से हरभजन सिंह भी महज चार रन बनाकर शेन वाटसन का शिकार बन गए। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 30 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय पारी में सलामी बल्लेबाज के 139 रनों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके करियर का यह पहला शतक है।
मैच के तीसरे दिन ही वह क्षण आया जब सचिन ने क्रिकेट की दुनिया में एक और शिखर छू लिया। सचिन ने हॉरिट्ज की गेंद पर छक्का लगाकर अपने टेस्ट करियर का 49वां शतक पूरा किया। मास्टर ब्लास्टर ने यहीं टेस्ट मैचों में अपने 14,000 रन भी पूरे किए। श्रंखला में 0-1 से पीछे चल रही आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने पहली पारी में 478 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से मार्कस नॉर्थ ने 128, कप्तान रिकी पोंटिंग ने 77 और सलामी बल्लेबाज ने 57 रनों की पारी खेली थी। इनके अलावा साइमन कैटिच ने भी 43 रन बनाए थे।
भारत की ओर से हरभजन ने 148 रन खर्च करके चार और ओझा ने 120 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इनके अलावा जहीर खान और सुरेश रैना ने एक-एक विकेट लिए। यह मुकाबला दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला का आखिरी मैच है। मोहाली में खेले गए पहले मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को एक विकेट से हरा दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications