बीजिंग ओलंपिक - 2008 में आठ स्वर्ण पदक जीतने वाले अमरीकी तैराक माइकल फ़ेलप्स को तीन महीने के लिए निलंबित किया गया है. लेकिन क्यों?
फ़ेलप्स एक ही ओलंपिक के दौरान सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी हैं. ये फ़ैसला उस समय लिया गया जब उनकी तस्वीर छपी जिसमें उन्हें भांग पीते हुए दिखाया गया है.
अमरीका में तैराकी की प्रतियोगिताओं का आयोजन करने वाली संस्था यूएसए स्विमिंग फ़ैडरेशन ने कहा कि 'नशीले पदार्थ लेने वाले किसी नियम का उल्लंघन नहीं हुआ' है.
ये ऐसी स्थिति नहीं है कि किसी प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के सेवन वाले नियम का उल्लंघन हुआ हो लेकिन फ़ेल्प्स को एक कड़ा संदेश देना ज़रूरी था क्योंकि उन्होंने अनेक लोगों को निराश किया है. विशेष तौर पर ऐसे तैराक बच्चे निराश हुए हैं जो उन्हें आदर्श और हीरो मानते हैं यूएसए स्विमिंग फ़ैडरेशन
| |
फ़ैडरेशन ने अपने बयान में कहा, "ये ऐसी स्थिति नहीं है कि किसी प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के सेवन वाले नियम का उल्लंघन हुआ हो लेकिन फ़ेल्प्स को एक कड़ा संदेश देना ज़रूरी था क्योंकि उन्होंने अनेक लोगों को निराश किया है. विशेष तौर पर ऐसे तैराक बच्चे निराश हुए हैं जो उन्हें आदर्श और हीरो मानते हैं."
ग्लास पाईप वाली तस्वीर
इस 23 वर्षीय खिलाड़ी को कैमरा में एक तरह का ग्लास पाईप पीते हुए कैद किया गया, जिससे भांग पी जा सकती है.
ये तस्वीर ब्रितानी अख़बार 'न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड' में छपी है. रिपोर्ट में ये कहा गया है कि तस्वीर पिछले साल नवंबर में छात्रों की एक पार्टी के दौरान ली गई है.
ओलंपिक स्टार ने इसके लिए माफ़ी माँगी है लेकिन उन्होंने ये स्पष्ट नहीं किया है कि उन्होंने किसी प्रतिबंधित नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं.
फ़ैडरेशन इस तीन महीने की अवधि के दौरान उन्हें वित्तीय मदद भी नहीं देगी. उधर खाद्य पदार्थ के उत्पादन वाली कंपनी कैलौग ने भी घोषणा की है कि वह उनका अनुबंध आगे नहीं बढ़ाएगी क्योंकि उनका बर्ताव कैलौग की छवि से मेल नहीं खाता.