नई दिल्ली। प्रो रेसलिंग लीग में वीर मराठा टीम के खिलाड़ी प्रवीण राणा ओलंपिक चैंपियन और दिल्ली सुल्तान्स के सुशील कुमार को कुश्ती में हराना चाहते हैं। सुशील के अलावा यूपी दंगल के अब्दुराखमोनोव बेकजोद को भी कुश्ती में मात देकर ये जीत अपनी मां को समर्पित करना चाहते हैं। प्रवीण राणा की मां कैंसर से जूझ रही हैं, उन्हें तीसरे स्टेज का कैंसर है।
प्रवीण राणा ने हाल ही में कहा कि दक्षिण अफ्रीका में कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के दौरान सुशील से उनकी कुश्ती काफी चुनौतीपूर्ण रही थी। इस कुश्ती में प्रवीण राणा केवल एक अंक से हार गए थे। राणा ने कहा कि वो भले एक नंबर से हारे हों लेकिन इससे उन्हें इस बात का विश्वास आ गया था कि वो सुशील को आगे के मैचों में हरा सकते हैं।
राणा ने आगे कहा, 'ट्रायल मैचों में अंकों को लेकर मेरे साथ साथ ज्यादती हपई है लेकिन अब ये सब अतीत हो चुका है। मैच के बाद जो भी हुआ वो काफी बुरा था। अब मैंने अपना पूरा ध्यान कुश्ती पर लगाया हुआ है और मुझे वीर मराठा की उम्मीदों पर खरा उतरना है।' प्रीवण राणा ने कहा कि वो लीग के लिए फिट हैं और अपना पूरा ध्यान इस लीग पर लगाएंगे। 'वीर मराठा टीम संतुलित है और फाइनल में पहुंच सकती है।' राणा और सुशील कुमार के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली के केडी जाधव स्टेडियम में एशियन चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स के ट्रायल में सुशील और प्रवीण के बीच कुश्ती का मुकाबला हुआ। इसमें सुशील ने प्रवीण को 7-3 से हराया। इसके बाद सुशील के समर्थकों ने प्रवीण राणा के भाई को पीट दिया था जिसके बाद प्रवीण राणा ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। सुशील ने भी कहा था वो भी प्रवीण पर कानूनी कार्यवाई करेंगे।
ये भी पढ़ें: रेसलर विवाद में नया मोड़! मैट पर सुशील कुमार से बदतमीजी से पेश आ रहे थे प्रवीण राणा