'बड़ी हार नहीं बल्कि जबरदस्त कुटाई है', पाकिस्तान से हार पर सुनील गावस्कर ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। दुबई के मैदान पर खेले गये भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले का नतीजा भारतीय फैन्स के पक्ष में नहीं आया और पाकिस्तान की टीम ने विश्वकप में पहली बार भारत के खिलाफ मैच जीतकर इतिहास रच दिया। भारतीय क्रिकेट टीम की इस हार के बाद खेल जगत के दिग्गज खिलाड़ी भारतीय टीम के प्रदर्शन पर अपनी-अपनी राय रख रहे हैं। इसमें भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का नाम भी शामिल है जिन्होंने भारतीय टीम की हार को आघात बताया है। रविवार को खेले गये इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 151 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम ने बिना कोई विकेट खोये 17.5 ओवर्स में लक्ष्य को हासिल कर लिया और 10 विकेट की जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने विश्वकप में चली आ रही भारत की लगातार जीत की स्ट्रीक को रोक दिया। भारतीय टीम ने लगातार 12 बार पाकिस्तान को हराया है जिसके बाद पाकिस्तान ने अपना पहला मैच जीता। पाकिस्तान ने इस मैच में पूरी तरह से विराट सेना को चारों खाने चित्त कर दिया और खेल के हर विभाग में पस्त कर दिया।
स्टार स्पोर्टस के साथ बात करते हुए सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम की हार को जबरदस्त आघात करार देते हुए कहा कि यह बड़ी हार नहीं थी, भारत के नजरिये से यह बुरी तरह से कुटाई वाली हार है। हालांकि गावस्कर को उम्मीद है कि भारतीय टीम टी20 विश्वकप के बचे हुए मैचों में जबरदस्त प्रदर्शन करके वापसी करेगी।
उन्होंने कहा,'उम्मीद है कि भारतीय टीम खुद को जल्दी से संभालेगी, क्योंकि यह काफी जरूरी है। आपको जल्दी से भूलना होगा कि पिछले मैच में क्या हुआ है और विश्वकप में अपने आने वाले मैचों पर ध्यान देना होगा। मुझे यकीन है कि हमारी टीम अगले मैच में अच्छी वापसी करेगी और जीत की राह पर लौटेगी।'
सुनील गावस्कर से पहले भारतीय टीम के तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने भी इस हार को पाकिस्तान की बेरहम जीत करार देते हुए कहा कि उन्होंने लोगों को मजबूर किया है कि वो उनको नोटिस करना शुरू कर दें।
उन्होंने कहा,' जो लोग पाकिस्तान को खिताब जीतने का दावेदार नहीं मान रहे थे और इस बात पर भी सवाल उठा रहे थे कि वो शायद ही सेमीफाइनल में पहुंचे, ऐसे लोगों को पाकिस्तान की टीम ने जवाब दिया है। टी20 क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है, भारत के पूल में 3 मजबूत टीमें हैं और कोई भी किसी को हरा सकती है। पाकिस्तान ने जिस तरह से खेला उसने सभी को उन्हें नोटिस करने पर मजबूर कर दिया है।'
आपको बता दें कि भारतीय टीम को अपना अगला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 31 अक्टूबर को खेलना है जबकि न्यूजीलैंड की टीम मंगलवार को पाकिस्तान के खिलाफ अपना ओपनिंग मैच खेलने उतरेगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
