T-20 : किरोन पोलार्ड ने जड़े 37 गेंदों में नाबाद 75 रन, फिर भी हार गई टीम
नई दिल्ली : विंडीज बनाम न्यूजीलैंड के बीच पहले टी20 मुकाबले में किरोन पोलार्ड के बल्ले से विस्फोटक पारी देखने को मिली। पोलार्ड की पारी के दम पर विंडीज ने 16 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन बना डाले। बता दें कि मैच में बारिश ने बाधा पैदा कर दी थी जिस कारण 16-16 ओवर का मैच करवाया गया। विंडीज पहले बल्लेबाजी करने आया, लेकिन उनकी शुरूआत बेहद खराब रही।
विंडीज के 5 बल्लेबाज 59 रन पर पवेलियन लाैट गए थे, लेकिन फिर कप्तान पोलार्ड ने तूफानी खेल खेला और 37 गेंदों पर 4 चौके व 8 शानदार छक्कों की मदद से नाबाद 75 रन डाले जिस कारण टीम बड़ा स्कोर करने में सक्षम हुई। पोलार्ड का स्ट्राइक रेट 202.70 का रहा।
पोलार्ड के अलावा ओपनर आंद्रे फ्लेचर ने भी 14 गेंदों पर 3 चौके व 3 छक्कों की मदद से 34 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं अंतिम पलों में फेबियन एलन ने भी 24 गेंदों पर 30 रन का अच्छा योगदान दिया। उनकी पारी में 4 चौके व एक छक्का शामिल रहा। न्यूजीलैंड की तरफ से लॉकी फर्ग्यूसन ने तूफानी गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 5 विकेट लिए जबकि टिम साउथी ने 2 विकेट चटकाए।
हालांकि पोलार्ड की पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 15.2 ओवर में 5 विकेट पर 179 रन बना लिए थे। लेकिन इसके बाद बारिश की वजह से मैच दोबारा शुरू नहीं हो पाया और डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर न्यूजीलैंड को 5 विकेट से जीत मिली। न्यूजीलैंड की तरफ से डेवेन कोनवे ने 41 रन के अलावा जेम्स नीशम ने नाबाद 48 रन और मिचेल सैंटनर ने नाबाद 31 रन की पारी खेली। विंडीज की तरफ से ओशाने थॉमस ने दो, शेल्डन कॉर्टरेल ने एक जबकि पोलार्ड ने भी एक विकेट अपने नाम किया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
