विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप को लेकर ICC का बड़ा ऐलान, कहा- शेड्यूल में नहीं होगा बदलाव
नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के बीच पिछले कई महीनों से क्रिकेट बंद पड़ा हुआ है। इसके चलते कई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर के तहत प्रस्तावित कई टेस्ट सीरीज को स्थगित कर दिया गया। इसके बाद से अगले साल जून में होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तय समय पर होने और उसे रिशेड्यूल कराने को लेकर बात होने लगी क्योंकि इस बीच कई टीमों के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज पूरी नहीं हो सकी थी। वहीं इसको लेकर आईसीसी पिछले काफी समय से कोई फैसला नहीं दे रहा था लेकिन अब उसने साफ कर दिया है कि आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के कार्यक्रम को बदला नहीं गया है और अब वह अपने तय शुदा कार्यक्रम पर होगा।
और पढ़ें: Cricket History: जब एक खिलाड़ी के सामने पूरी टीम ने टेके घुटने, चटकाये थे 19 विकेट
आईसीसी ने साफ किया है कि वह विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के आयोजन में किसी भी तरह की कोई फेरबदल नहीं हुआ है और यह तय योजना के मुताबिक ही खेला जायेगा। उल्लेखनीय है कि आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप का पहला सीजन मार्च 2021 में समाप्त होना है। जिसके तहत इसमें भाग लेने वाली सभी 9 टीमों को 2 सालों में कुल 6 टेस्ट सीरीज खेलेंगी। जिसमें से 3 घरेलू मैदान पर और 3 विदेशी सरजमीं पर खेली जानी हैं।
और पढ़ें: Viral Video: घर में बर्तन मांजते नजर आये युवराज सिंह, देखें किसने बनाया मजेदार वीडियो

जून में खेला जायेगा टेस्ट चैम्पियनशिप
इस बीच जो भी 2 टीमें प्वाइंटस टेबल में सबसे ऊपर होंगी उनके बीच जून 2021 में इंग्लैंड के लॉर्डस मैदान पर फाइनल खेला जायेगा। आईसीसी ने साफ किया कि मौजूदा समय में उसकी प्राथमिकता है कि वह कोरोना वायरस के बीच टल गई 6 सीरीज को आयोजित कराये।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के चलते श्रीलंका बनाम इंग्लैंड, पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश के बीच एक टेस्ट, बांग्लादेश बनाम ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका बनाम बांग्लादेश और बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज स्थगित हुई हैं जिन्हें पूरा किया जाना बाकी है।

तय समय पर ही कराया जायेगा टेस्ट चैम्पियनशिप
आईसीसी के क्रिकेट संचालन के महाप्रबंधक ज्योफ एलरडाइस ने कहा कि हम सीरीज के मैचों को पुनर्निर्धारित करने को लेकर सदस्यों देशों से बातचीत की प्रक्रिया में हैं।
उन्होंने कहा, 'कुछ सदस्यों के साथ बातचीत चल रही है लेकिन हम सभी सदस्य देशों से अपडेट पाने की प्रक्रिया में हैं कि वे इस मामले पर क्या विचार कर रहे हैं। फिलहाल, सब कुछ योजना के मुताबिक आगे बढ़ रहा है। इंग्लैंड में चल रही मौजूदा सीरीज डब्ल्यूटीसी का हिस्सा है और बाकी उन सभी सीरीज भी जिनकी पहचान की गई है, जो चैंपियनशिप का हिस्सा होंगी। अब यह देखने वाली बात होगी कि क्या ये सभी सीरीज अगले वर्ष मार्च तक संपन्न हो पाएंगी।'

कुछ ऐसी है प्वाइंटस टेबल
आपको बता दें कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में भारत पहले, ऑस्ट्रेलिया दूसरे और इंग्लैंड तीसरे स्थान पर है। भारत के 360, ऑस्ट्रेलिया के 296 और इंग्लैंड के 226 अंक हैं। न्यूजीलैंड 180 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। पाकिस्तान 140 अंकों के साथ पांचवें, श्रीलंका 80 अंकों के साथ छठे, वेस्ट इंडीज 40 अंकों के साथ सातवें और दक्षिण अफ्रीका 24 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। नौंवें स्थान पर मौजूद बांग्लादेश का अभी खाता नहीं खुला है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
