राजस्थान ने चार्जर्स को दो रन से हराया
इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को खेले गए एक रोमांचक मुक़ाबले में राजस्थान रॉयल्स ने डेक्कन चार्जर्स को दो रन से हरा दिया.
राजस्थान की टीम पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 159 रन पर आउट हो गई थी. इसके जवाब में डेक्कन चार्जर्स भी 157 रन ही बना पाई.
इस मैच में सब कुछ था-रोमांच, आश्चर्य और अंत तक बांधे रखने की क्षमता.
सांस रोक देने वाले इस मुक़ाबले में एक समय लग रहा था कि डेक्कन चार्जर्स मैच जीत ले जाएगा.
लेकिन मैच के आख़िर में राजस्थान के गेंदबाज़ों ने ने पासा पलट दिया.
शेन वार्न ने 21 रन देकर चार विकेट लिए जबकि सिद्धार्थ त्रिवेदी को तीन विकेट हासिल हुए. शेन वार्न को मैन ऑफ़ द मैच करार दिया गया.
डेक्कन की ओर से रोहित शर्मा ने शानदार पारी खेली और उन्होंने 44 गेंद पर 73 रन बनाए. उनकी बल्लेबाज़ी की बदौलत ऐसा लग रहा था कि मैच डेक्कन चार्जर्स जीत ले जाएगी.
गेंदबाज़ी
इससे पहले आरपी सिंह और हरमीत सिंह की गेंदबाज़ी की बदौलत डेक्कन ने राजस्थान रॉयल्स को 159 रन पर ही समेट दिया.
आरपी सिंह ने तीन और हरमीत ने दो विकेट लिए.
राजस्थान की तरफ से शेन वाटसन ने तीन चौके तथा तीन छक्के की मदद से 58 रन बनाए जबकि फैज़ फ़ज़ल ने 29 गेंदों में 36 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.
इसके बाद डेक्कन चार्जर्स के गेंदबाज़ एकदम हावी हो गए और राजस्थान की पूरी टीम ढेर हो गई.
जीत के लिए 160 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डेक्कन चार्जर्स ने शुरुआत तो तेज़ की, लेकिन उन्होंने जल्द ही विकेट गंवा दिए.
लक्ष्मण कुछ खास नहीं कर पाए और छह रन बनाकर आउट हो गए. गिलक्रिस्ट भी 34 रन बनाकर लौट गए.
एक छोर पर रोहित शर्मा डटे रहे. मैथ्यू सायमंड्स ने कुछ देर तक साथ दिया, लेकिन 15 रन पर आउट होकर वो भी वापस लौट गए.
इसके बाद चार्जर्स का कोई खिलाड़ी टिक नहीं पाया और रोहित शर्मा 73 रन बनाकर मैच के आख़िरी ओवर में आउट हो गए.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
