KKR की हार के बाद नाराज शाहरुख खान ने किया ये ट्वीट, आंद्रे रसल ने ऐसे दिया जवाब
नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर आंद्रे रसल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में हार के बाद निराशा जाहिर की है। जिस तरह से केकेआर जीता हुआ मैच आखिरी समय में हार गई उसके बाद टीम काफी निराश है। टीम के सह मालिक शाहरुख खान ने भी ट्वीट करके टीम के प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की है। शाहरुख खान ने ट्वीट करके लिखा निराशाजनक प्रदर्शन, केकेआर अपने सभी फैंस से माफी मांगना चाहती है। लेकिन हार के बाद रसल ने शाहरुख के ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम अगले मैच में वापसी करेंगे और जो गलती हमने इस मैच में की उसे दूर करने की कोशिश करेंगे।

शाहरुख के ट्वीट पर दी प्रतिक्रिया
आंद्रे रसल ने कहा कि मैं शाहरुख खान के ट्वीट का समर्थन करता हूं, लेकिन अंत में यह क्रिकेट का खेल है, आखिरी ओवर तक आप किसी बात को लेकर सुनिश्चित नहीं हो सकते हैं। मुझे लगता है कि हम अभी भी आत्मविश्वास से भरपूर हैं, हमने अच्छी क्रिकेट खेली है और मुझे टीम पर गर्व है। आप जानते हैं कि हम निसंदेह निराश हैं इस हार से लेकिन यह दुनिया का अंत नहीं है, यह सिर्फ दूसरा मैच है और हम इससे सीखेंगे।

बिखरी केकेआर
जिस तरह से 10 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 84/2 था उसके बाद लग रहा था कि केकेआर इस मैच को आसानी से जीत सकती है। नितीश राणा ने 47 गेंदों पर 57 रन और शुबमन गिल ने 24 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेली और टीम को अच्छी शुरुआत दी। लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद टीम का कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका और एक के बाद एक लगातार खिलाड़ियों के आउट होने का सिलसिला जारी रहा। सलामी बल्लेबाजों को छोड़ दें तो 7 खिलाड़ी मिलकर सिर्फ 41 रन जोड़ सके। राहुल त्रिपाठी 5, कप्तान मोर्गन 7, शाकिब 9, दिनेश कार्तिक 8, रसल 9, कमिंस शून्य औ हरभजन ने सिर्फ 2 रन बनाए।

हम वापसी करेंगे
हार के बाद रसल ने कहा कि मुझे लगता है कि यह क्रिकेट का खेल है, मैंने सैकड़ो टी-20 मैच खेले हैं और ऐसे मैच देखे हैं जब टीम जीत की ओर बढ़ रही होती है लेकिन तभी अचानक कुछ विकेट गिरते हैं और नए बल्लेबाज बल्लेबाजी में संघर्ष करते नजर आते हैं, कुछ वही आज के मैच में हुआ। हमे निसंदेह इससे सीखना है, अगर हम इन गलतियों से सीख लेंगे तो निसंदेह हम अच्छा करेंगे क्योंकि हम अच्छी टीम हैं। मुझे टीम में पूरा भरोसा और विश्वास है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
