बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए, दिल्ली से
राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में शायद ही कोई पहलू हो जिसकी समय सीमा को लेकर विवाद न उठा हो और अब खेलों के थीम सॉन्ग को जारी करने को लेकर भी कुछ दुविधा दिखी है. मीडिया को भेजे गए पहले निमंत्रण में कहा गया था कि सोमवार को एआर रहमान खेलों का थीम सॉन्ग पेश करेंगे. लेकिन लगभग सवा घंटे बाद ही दूसरा निमंत्रण मिला जिसमें कहा गया कि वो सिर्फ़ गाने के बारे में बात करेंगे.
बड़े उत्साह के साथ मीडियाकर्मी खेलों से जुड़ी एक सकारात्मक ख़बर की उम्मीद में आयोजन स्थल पहुँचे मगर शुरुआत के साथ ही कार्यक्रम की जैसे हवा निकल गई. आयोजन समिति के प्रमुख सुरेश कलमाड़ी ने घोषणा की कि थीम सॉन्ग दस दिन बाद जारी होगा.
पत्रकार एक-दूसरे का मुँह ताकते नज़र आए कि अगर दस दिन बाद ही लॉन्च होना था तो आज इस संवाददाता सम्मेलन की ज़रूरत क्या थी. जब एआर रहमान बोलने आए तो उन्होंने तर्क दिया भी कि अभी एक ही दिन पहले मंत्रियों के समूह में उस गाने को स्वीकृति मिली है और उसमें बचे-खुचे सुधार करते हुए 10 दिन बाद वो गाना जारी होगा.
मायूस पत्रकारों ने सवाल भी उठाया कि फिर इस आयोजन की ज़रूरत क्या थी तब रहमान ने बताया,"गाना तैयार है लेकिन हम उसे एक समारोह में जारी करना चाहते हैं, ताकि लोग असल रुप में इस गाने से रुबरु हो सकें."
फिर भी रहमान ने उस गाने की एक लाइन गुनगुनाई- 'ओ..यारों..ये इंडिया..बुला लिया'. इस गाने के बारे में रहमान कहते हैं, "इस गाने के बोल ज़्यादातर हिन्दी में हैं और कुछ अंग्रेजी शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है."
परफ़ॉर्म भी करेंगे
इस गाने के लिए संगीत बनाने के अलावा रहमान ही थीम सॉन्ग के मुख्य गायक भी हैं. इस गाने की भावना को बयाँ करते हुए रहमान कहते हैं, "ये गाना शक्ति, खेल भावना और कभी न हार मानने की भावना को अपने अंदर समेटे हुए है."
रहमान इस तरह के गाने का मक़सद बख़ूबी समझते हैं. उनकी कोशिश यही है कि जो भी इस गाने को सुने वो इसे साथ-साथ गुनगुनाए. रहमान पिछले छह महीने से इस गाने पर काम कर रहे हैं.
थीम गान के अलावा दो तीन और गाने भी बनाए गए हैं जिनमें से एक गाना महात्मा गाँधी को समर्पित है. इम सभी गानों को आयोजन समिति की रचनात्मक मामलों की टीम ने भी मंज़ूरी दे दी है. रहमान ने बताया कि वह राष्ट्रमंडल खेलों के उदघाटन समारोह में इस गाने पर परफॉर्म भी करेंगे.
उनका कहना था कि उनके लिए राष्ट्रमंडल खेल काफी मायने रखते हैं और इन खेलों के लिए उन्होंने अपने विश्व दौरे पर होने वाले 10 शो रद्द कर दिए हैं. रहमान ने मीडिया से भी अनुरोध किया कि वह इन खेलों की नकारात्मक तस्वीर पेश ना करे. ऐसे में उम्मीद यही होगी कि राष्ट्रमंडल खेलों में आने वाले खिलाड़ी कहीं ये ना कह दें कि बिना तैयारी के ओ..यारों..ये इंडिया..बुला लिया..