आखिर कैसे अर्शदीप सिंह ने संजू सैमसन को आखिरी ओवर में रोका, बताई रणनीति
नई दिल्ली। आईपीएल के चौथे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की टीमें सोमवार को आमने सामने थी। दोनो ही टीमों के कप्तान ने जबरदस्त पारी खेली। एक तरफ जहां पंजाब किंग्स के कप्तान केएल राहुल ने 91 रनों की पारी खेली तो दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स की ओर से कप्तान संजू सैमसन ने अकेले टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली और 119 रन बनाए। संजू सैमसन जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे उसने पंजाब की टीम की सांसे रोक दी थी और सैमसन एकतरफा मैच को अपनी ओर खींच ले गए थे।

आखिरी ओवर में अर्शदीप ने दिलाई जीत
आखिरी ओवर में जब राजस्थान की टीम को जीत के लिए 13 रनों की दरकार थी तो राजस्थान की जीत और हार के बीच में पंजाब किंग्स के गेंदबाज अर्शदीप सिंह खड़े थे। आखिरी ओवर में अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 8 रन दिए और संजू सैमसन के पवेलियन भेजकर मैच को पंजाब के झोली में डाल दिया। लेकिन जिस तरह से सैमसन ने चौथी गेंद पर छक्का लगाया उसके बाद पंजाब की टीम की धड़कने तेज हो गई थी। आखिर की दो गेंद पर राजस्थान को जीत के लिए 5 रन की दरकार थी। पांचवी गेंद पर संजू सैमसन क्रीज पर थे और उन्होंने गेंद पर शॉट मारने के बाद सिंगल लेने से मना कर दिया, उस वक्त दूसरे छोर पर क्रिस मोरिस खड़े थे। लेकिन आखिरी गेंद पर संजू छक्का मारने की कोशिश में दीपक हुड्डा को अपना कैच थमा दिया।

वाइड यॉर्कर थी रणनीति
अर्शदीप सिंह ने आखिरी ओवर में दबाव के बावजूद अपना संतुलन नहीं खोया और धैर्य के साथ सधी हुई और सूझबूझ के साथ गेंदबाजी की। मैच के बाद अर्शदीप सिंह ने कहा कि हमने फील्डिंग को सेट कर रखा था और हमारी योजना थी कि उन्हें वाइड खेलने के लिए मजबूर करेंगे, हमारी योजना थी वाइड यॉर्कर गेंद डालने की, अगर हम यह कर पाए तो सैमसन के लिए मार पाना आसान नहीं होगा।

खुद की क्षमता पर भरोसा
अर्शदीप सिंह ने कहा कि आईपीएल बहुत बड़ा मंच है और बहुत बड़ी लीग है, आप किसी भी टीम को नकार नहीं सकते हैं। मेरी कोई खास तैयारी नहीं थी, मैंने सिर्फ अपने ऊपर भरोसा किया, सपोर्ट स्टाफ हमेशा मुझसे कहता है कि खुद पर भरोसा रखो और चीजों को सिंपल रखो। मैंने वहीं करने की कोशिश की जो कप्तान मुझसे चाहते थे. अगर आपको जुआं खेलना है तो बल्लेबाज के साथ खेलिए कप्तान के साथ नहीं। ओस में गेंदबाजी पर अर्शदीप सिंह ने कहा कि मुझे लगता है कि हर टीम ओस और डेथ ओवर में गेंदबाजी का अभ्यास करती है। मुझे नहीं लगता है कि बहुत ज्यादा मैदान में ओस थी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
