जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के भारोत्तोलन हॉल में आयोजित इस स्पर्धा में चानू ने 167 किलोग्राम (73+94) वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया जबकि संध्या रानी देवी को 165 किलोग्राम (73+95) भार के साथ तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
नाइजीरिया की अगस्टीना नवाकोलो ने राष्ट्रमंडल रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। नवाकोलो ने कुल 171 किग्रा (77+94) उठाया। इस तरह नवाकोलो ने स्पधाओं के पहले दिन ही राष्ट्रमंडल रिकार्ड स्थापित किया।
नवाकोलो ने स्नैच के पहले प्रयास में 73, दूसरे प्रयास में 76 और तीसरे प्रयास में 77 किलोग्राम वजन उठाया था। इसके बाद उन्होंने क्लीन एवं जर्क के पहले प्रयास में 94 किलोग्राम वजन उठाया। वह दूसरे प्रयास के लिए नहीं गईं। इस तरह वह कुल 171 किलोग्राम के साथ पहले स्थान पर रहीं।
दूसरी ओर, चानू ने स्नैच के पहले प्रयास में कुल 73 किलोग्राम वजन उठाया था लेकिन उनका दूसरा और तीसरा प्रयास अयोग्य करार दिया गया था। इन दो प्रयासों में उ्न्होने 76 किग्रा वजन उठाया था। इसकी भरपाई सानू ने क्लीन एवं जर्क में की, जहां वह नवाकोलो के बराबर 94 किलोग्राम वजन उठाने में सफल रहीं।
चानू निश्चित तौर पर पहला स्थान हासिल कर सकती थीं लेकिन स्नैच वर्ग में उनके बाद के दो प्रयासों को अयोग्य ठहरा दिए जाने से उन्हें काफी नुकसान हुआ।
दूसरी ओर, रानी ने स्नैच के पहले प्रयास में 70 किलोग्राम वजन उठाया था लेकिन उनका यह प्रयास अयोग्य ठहरा दिया गया था। इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 70 और फिर तीसरे प्रयास में 73 किलोग्राम वजन उठाकर इसकी भरपाई की।
क्लीन एवं जर्क वर्ग में रानी ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरे प्रयास में 95 किलोग्राम वजन उठाया। पहले प्रयास में वह 90 किलो वजन उठा सकी थीं। इस तरह वह 165 किलोग्राम के साथ तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*