इन तीन भारतीय क्रिकेटरों की वापसी है बेहद मुश्किल, एक हो चुका है 39 साल का
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का कहर दुनियाभर में देखने को मिल रहा है। इस महामारी को हराने का फिलहाल एक ही रास्ता है। वो है सोशल डिस्टेंस। कई देशों में लाॅकडाउन किया गया जिस कारण सभी लोग घरों में कैद हो चुके हैं। खेल जगत में भी इसका असर दिखा, लेकिन विंडीज-इंग्लैंड ने टेस्ट सीरीज शुरू कर दोबारा से क्रिकेट शुरू कर दिया। अब उम्मीद है कि बाकी टीमें भी खेलने के लिए मैदान पर उतरेंगी। चार महीने बाद क्रिकेट शुरू हुआ है। ऐसे में कुछ खिलाड़ियों के लिए वापसी करना आसान नहीं रहने वाला। वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के भी तीन ऐसे खिलाड़ी हैं जिनकी उम्र भी बढ़ गई और वापसी के चांस बहुत मुश्किल नजर आ रहे हैं। काैन हैं वो तीन भारतीय, आइए जानें-

सुरेश रैना
भारतीय क्रिकेट के लिए सुरेश रैना का योगदान अहम रहा है। उन्होंने जुलाई 2005 में डेब्यू किया लेकिन फिलहाल रैना पिछले 2 सालों से टीम से बाहर चल रहे हैं। साल 2021 में आईसीसी वनडे विश्व कप होना है जबकि इससे पहले इसी साल अक्तूबर में टी20 विश्व है। लेकिन रैना के पास माैका था कि वो आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए दमदार प्रदर्शन करेंगे और टीम में जगह पाने का रास्ता साफ करेंगे। पर रैना की इन उम्मीदों पर कोरोना वायरस ने पूरी तरह से पानी फेर दिया है। टी20 विश्व कप में जाने के लिए उनका आईपीएल में फाॅर्म दिखाना जरूरी था। रैना 33 साल के हो चुके हैं। अगर इस साल का आईपीएल रद्द होता है तो साफ है कि रैना के पास वापसी का कोई रास्ता नहीं बचेगा। रैना की जगह वैसे भी माैजूदा समय श्रेयस अय्यर जैसे युवा खा चुके हैं। रैना ने देश के लिए आखिरी मैच 17 जुलाई 2018 को इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।

महेंद्र सिंह धोनी
9 जुलाई 2019...यह वो तारीख है जब 39 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी ने देश के लिए आखिरी मैच खेला था। यह आईसीसी विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच था जिसमें टीम को हार मिली। हार के बाद धोनी फिर से टीम में वापसी करते नहीं दिखे। धोनी की वापसी के कई कयास बीच में लगाए गए लेकिन उन्होंने खुद को टीम से दूर रखा। फिर उम्मीद उठी कि धोनी आईपीएल खेलेंगे और टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा बनेंगे। लेकिन ऐसा अब होता है तो किसी करिश्मे से कम नहीं। खेल जगत थम सा गया है। धोनी करीब एक साल से मैदान से बाहर हैं। अब उनका फिर से अंतरराष्ट्रीय मैच में उतरना बेहद मुश्किल लग रहा है। अगर आईपीएल तय समय पर होता तो फिर शायद उम्मीद लगाई जाती लेकिन अब उनका लाैटना मुश्किल है। वहीं हमें हरभजन सिंह की बात को नजरअंदाज नहीं करना होगा। हरभजन ने साल की शुरूआत में बयान दिया था कि धोनी अपना अंतिम मैच खेल चुके हैं। ऐसे में अब साफ है कि जब महामारी के खत्म होने के बाद क्रिकेट दोबारा से शुरू होगा तो फिर धोनी के लिए वापसी करने का कोई रास्ता नहीं बचेगा।

दिनेश कार्तिक
वैसे तो भारतीय टीम के इस विकेटकीपर को पूरी उम्मीद है कि वे फिर से टीम में वापसी कर लेंगे। लेकिन जो हालात अब बने हुए हैं उन्हें देख ऐसा नहीं लगा। दर्शकों को अब शायद ही कार्तिक को भारत के लिए कोई मैच खेलते हुए दोबारा देखने का माैका मिले। कार्तिक ने भी आखिरी मैच पिछले साल इंग्लैंड में हुए विश्व कप में खेला था। सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद उन्हें फिर से टीम में वापसी करने का माैका नहीं मिला। उनकी कमी बताैर विकेटकीपर रिषभ पंत व केएल राहुल भरते दिख रहे हैं। हालांकि महामारी के फैलने से पहले कार्तिक की आखिरी उम्मीद थी कि वो आईपीएल में कोलकाता नाईट राइडर्स की ओर से खेलते हुए दमदार खेल दिखाएंगे और टी20 विश्व कप में जगह बनाने की दावेदारी रखेंगे। लेकिन अब तो मैदान सूने पड़े हैं। यह महामारी अपना असर कितने समय तक दिखाएगी, इसका अनुमान नहीं, लेकिन इस बीच कार्तिक का करियर जरूरत डूबता दिख रहा है। अब शायद ही कार्तिक को भारत की ओर से कोई मैच खेलने का माैका मिले।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
