SRH की टीम पर बरसे पूर्व क्रिकेटर, बोले- इस तरह से आप मैच नहीं जीत सकते
चेन्नई। आईपीएल के इस सीजन में एक बार फिर से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को हार का सामना करना पड़ा है। लगातार तीसरी हार के बाद पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सेलेक्शन पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में शामिल करके आप मैच नहीं जीत सकते हैं। बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने 150 रन का स्कोर खड़ा किया था, इस स्कोर का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम 137 रन के स्कोर पर ही ढेर हो गई। टीम का मिडल ऑर्डर एक बार फिर से बुरी तरह से बिखर गया और लगातार गिरते विकेट के चलते टीम को फिर से हार का सामना करना पड़ा है। अहम बात यह है कि तीनों लगातार तीनों ही मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच हारी है।

हैदराबाद के बल्लेबाजों ने डाले हथियार
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से मिडल ऑर्डर में विराट सिंह, अभिषेक शर्मा, अब्दुल समद मैच में 11, 2 और 7 रन के स्कोर पर आउट हो गए। हैदराबाद की टीम ने 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जबरदस्त शुरुआत की। कप्तान डेविड वॉर्नर ने 36 और जॉनी बेयरस्टो ने 43 रन की पारी खेली। यही नहीं एक समय हैदराबाद की टीम का स्कोर 90/2 था, लेकिन अगले छह ओवर में टीम का स्कोर 130/7 हो गया। सिर्फ विजय शंकर एकमात्र बल्लेबाज थे जिन्होंने टीम के लिए कुछ उम्मीदें जगाई लेकिन 25 गेंदों पर 28 रन की पारी खेलकर विजय शंकर भी आउट हो गए। मैच में आखिरी ओवर में जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट ने हैदराबाद के मध्य क्रम की रीढ़ तोड़ दी।

इस टीम के साथ आप मैच नहीं जीत सकते
मुंबई इंडियंस के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की हार के बाद संजय मांजरेकर ने कहा कि माफी चाहता हूं यह कहने के लिए लेकिन, अगर कोई अभिषेक शर्मा, विराट सिंह और अब्दुल समद को एक साथ टीम में प्लेइंग इलेवन में शामिल करता है तो वो मैच जीतने के लायक नहीं है। बता दें कि मैच में विराट सिंह मध्य क्रम में बल्लेबाजी करने के लिए आए लेकिन वह बॉल के साथ सही संपर्क नहीं कर पा रहे थे, उन्होंने 12 गेंदों पर 11 रन की पारी खेली, इस पारी में उन्होंने एक चौका लगाया और फिर राहुल चाहर की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। इसी ओवर में चाहर ने अभिषेक शर्मा को भी पवेलियन भेज दिया। शर्मा ने 4 गेंद पर 2 रन बनाए।

मुंबई ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की
बता दें कि अब्दुल समद जम्मू कश्मीर के खिलाड़ी हैं और वह एक बडे़ हिटर हैं, वो भी मैच में कुछ खास नहीं कर सके, उन्होंने 8 गेंद पर 7 रन की पारी खेली और हार्दिक पांड्या की जबरदस्त फील्डिंग पर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। ऐसे में जिस तरह से अब्दुल समद, अभिषेक शर्मा और विराट सिंह एक साथ मैच में बुरी तरह से विफल रहे उसके चलते हैदराबाद की टीम मैच हार गई। हैदराबाद की टीम ने 47 रन के स्कोर पर 8 विकेट गंवा दिए थे, जिसके चलते हैदराबाद की टीम सिर्फ 137 रन बना सकी और मुंबई की टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
