IND vs ENG: भारत की फिरकी पर नाचे इंग्लैंड के बल्लेबाज, 134 रनों पर पूरी टीम आउट
नई दिल्लीः इंग्लैंड की पहली पारी केवल 134 रनों पर ही सिमट चुकी है और भारत को 195 रनों की भारी-भरकम लीड मिल चुकी है। इंग्लैंड ने भले ही किसी तरह से फॉलोऑन बचा लिया है लेकिन यह मैच उनके हाथ से लगभग फिसल चुका है। इंग्लैंड की पारी को समेटने में रविचंद्रन अश्विन ने फिर से अहम भूमिका निभाई और केवल 43 रन देकर 5 विकेट लिए।
दूसरे दिन कुल मिलाकर 14 विकेट गिर चुके हैं। भारतीय टीम कल 300 के स्कोर में केवल 29 ही रन जोड़ सकी थी और 329 रनों पर ऑल-आउट हो गई।
इंग्लैंड की पारी की शुरुआत ही लड़खड़ाई-
जवाब में बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम को तीसरी ही गेंद पर ईशांत शर्मा ने झटका दिया। उन्होंने रोरी बर्न्स को 0 के स्कोर पर ही आउट कर दिया। इसके बाद टीम के सबसे बड़े गेंदबाज रविंचंद्रन अश्विन का शो रहा। उन्होंने 16 रनों पर खेल रहे सिबली को कोहली के हाथों लपका दिया। यह विकेट इंग्लैंड के लिए एक चेतावनी लेकर आया था कि आप बहुत डोमिनेट नहीं कर पाओगे। असल में सिबली तेजी से रन बनाकर पलटवार करने की सोच रहे थे और तब इंग्लैंड के जो 16 रन बने थे वह सिबली के बल्ले से ही निकले थे। सिबली के बाद डेनियल लॉरेंस की बारी थी जिन्होंने सिबली के विपरीत खूंटा गाड़ बैटिंग करने का मन बनाया था। उन्होंने 52 गेंदों पर 9 रन बनाए लेकिन अश्विन की फिरकी में उलझकर आउट हो गए।
अक्षर पटेल ने लिया दिन का सबसे बड़ा विकेट-
अगला विकेट सबसे बड़ा था क्योंकि जो रूट बेहतरीन फॉर्म में थे। उन्होंने अक्षर पटेल को स्वीप करने की कोशिश की और गेंद टॉप एज लेकर अश्विन के हाथ में समा गई। इस दौरान गेंदबाज थे- अक्षर पटेल। यह पटेल का पहला टेस्ट विकेट था।
अश्विन का शो तब चरम पर पहुंच गया जब उन्होंने बेन स्टोक्स को 18 रनों पर बोल्ड कर दिया। यह मैच की एक बेहतरीन गेंद थी। 52 रनों पर ही 5 विकेट गंवाकर इंग्लैंड ढेर हो चुका था। टीम की हालत काफी बुरी होती अगर ओली पोप और बेन फॉक्स ने कुछ रन ना जोड़े होते। लेकिन पोप को मोहम्मद सिराज और पंत ने चलता कर दिया।
मोहम्मद सिराज को पहली ही गेंद पर सफलता मिली-
यह सिराज की भारतीय जमीं पर पहली गेंद थी और विकेट के पीछे पंत ने शानदार काम किया। इसके बाद बेन फॉक्स अकेले पड़ गए लेकिन वे डटे रहे और बाकी बल्लेबाज आउट होते गए। मोइन अली ने केवल 6 रन बनाकर अपना विकेट दे दिया। अली के बल्ले से पटेल की गेंद लगी और पंत के पैड से टकराकर बराबर स्लिप में खड़े रहाणे के पास जा छलकी। रहाणे ने हवा में गेंद के देर तक होने का भरपूर फायदा उठाया और जबरदस्त कैच लेकर पटेल को दूसरा विकेट दिला दिया।
इसके बाद अश्विन ने स्टोन और ब्राड को चलता किया जबकि एक विकेट ईशांत को मिला। इस पारी में अश्विन ने 43 रन देकर 5 विकेट लिए। ईशांत को 22 रन देकर 2 विकेट मिले जबकि अक्षर पटेल ने 40 रन देकर 2 विकेट लिए। कुलदीप यादव पर खास भरोसा नहीं दिखाया गया। उनको 6 ओवरों में कोई विकेट नहीं मिला। सिराज भाग्यशाली रहे और उनको 5 रन देकर 1 विकेट मिला।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
