'आस्ट्रेलियाई एसोसिएटेड प्रेस' के मुताबिक नाम वापस लेने वालों में साइकिल चालक ट्रेविस मायेर और महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी स्टेफाने सांग शामिल हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों से नाम वापस लिया है।
एक सप्ताह के भीतर तीसरे आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने खेलों से नाम वापस लिया है। डिस्क्स थ्रो की विश्व चैम्पियन डानी सैमुएल्स के नाम वापस लेने के बाद आस्ट्रेलियाई राष्ट्रमंडल खेल संघ के अध्यक्ष पैरी क्रॉसव्हाइट ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया था।
क्रासव्हाइट ने मायेर और सांग का नाम वापस लेना भी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। खेलों के शुरू होने से ठीक पहले इन खिलाड़ियों ने नाम वापस लेकर अच्छे अनुभव से खुद को महरूम कर लिया है।
क्रासव्हाइट ने कहा, "मैं निराश हूं। जो खिलाड़ी नाम वापस ले रहे हैं, उन्हें अच्छा अनुभव मिलता। हम इस बात की गारंटी लेकर चल रहे हैं कि भारत में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रहेगी लेकिन इसके बावजूद खिलाड़ियों का नाम वापस लेना दुखदाई है।"
क्रासव्हाइट ने कहा कि सांग ने खासतौर पर सुरक्षा कारणों से नाम वापस लिया है। इसे देखते हुए सीजीएफ से उनका स्थानापन्न टीम में शामिल करने की इजाजत मांगी जाएगी।
दूसरी ओर, मायेर ने डेंगू के डर से नाम वापस लिया है। वह इन दिनों आस्ट्रेलियाई साइकिल दल के साथ स्विट्जरलैंड में अभ्यासरत हैं। मायेर ने राष्ट्रमंडल खेलों की बजाय अपने पेशेवर टीम के साथ बने रहने का फैसला किया है।
आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के बुधवार से सिलसिलेवार तरीके से नई दिल्ली पहुंचने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राष्ट्रमंडल खेलों में मेजबान भारत सहित कुल 71 देशों के 7000 खिलाड़ी और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*