जोफ्रा आर्चर ने कराई कोहनी की सर्जरी, जानिए कब तक लौटेंगे मैदान पर
नई दिल्लीः इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बुधवार को कहा कि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने लंबे समय से चली आ रही चोट को दूर करने के लिए अपनी दाहिनी कोहनी की सर्जरी करवाई है।
26 वर्षीय आर्चर ने इससे पहले मार्च में हाथ की सर्जरी करवाई थी। उनके अंगुली में कांच का एक टुकड़ा निकाला गया था जो उनको साल की शुरुआत में लगा था लेकिन पेसर इस बात से अनजान होकर खेलता रहा। आर्चर ने महीने की शुरुआत में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वापसी की थी, तब उनकी दाहिनी कोहनी की चोट बढ़ गई थी। यह चोट आर्चर को लंबे समय से तंग कर रही है और उन्होंने कहा था कि इसका कुछ को उपाय करना ही होगा।
ईसीबी ने एक बयान में कहा, "इंग्लैंड और ससेक्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने शुक्रवार को अपनी कोहनी की समस्या को दूर करने के लिए सर्जरी कराई थी।
"आर्चर अब ईसीबी और ससेक्स मेडिकल टीमों के साथ काम करते हुए एक रिहैब अवधि शुरू करेंगे। उनकी प्रगति की समीक्षा उनके सलाहकार द्वारा लगभग चार सप्ताह में की जाएगी, जिसके बाद आगे मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा कि वह कब गेंदबाजी में वापसी कर सकते हैं। "
इंग्लैंड को उम्मीद होगी कि आर्चर इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप और एशेज सीरीज दोनों में अहम भूमिका निभाने के लिए पूर्ण और तेज रिकवरी करने में सक्षम है।
आर्चर के लिए कोहनी की समस्या बार-बार हो रही थी। इसके चलते उन्होंने 2020 में दक्षिण अफ्रीका और इस साल की शुरुआत में भारत के दौरे पर कई मैच गंवाए। सर्जरी कराने का फैसला पिछले हफ्ते ससेक्स के साथ काउंटी क्रिकेट में वापसी के बाद उनकी समस्या और बढ़ जाने के बाद आया है।
इंग्लैंड को भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज अपनी गर्मियों में खेलनी है जिसके लिए आर्चर का फिट होना मुश्किल है। यह भारत के लिए फायदा हो सकता है क्योंकि इंग्लिश जमीन पर आर्चर एक घातक तेज गेंदबाज साबित हो सकते थे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
