हॉकी विश्व कप के पहले मैच में पाकिस्तान को 4-1 से हरा देने के बाद भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है.
अंतरराष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन ने भारत के फॉरवर्ड खिलाड़ी शिवेंद्र सिंह पर पाकिस्तानी खिलाड़ी से भिड़ने के कारण तीन मैचों का प्रतिबंध लगा गया है.
पाकिस्तान के साथ मैच में भारत की ओर से पहला गोल शिवेंद्र सिंह ने 27वें मिनट में किया था.
शिवेंद्र सिंह फॉर्म में अच्छे फॉर्म में चल रहे थे और इसे भारतीय टीम के लिए बुरी ख़बर माना जा रहा है.
हॉकी इंडिया के महासचिव एनके बत्रा ने बीबीसी से बातचीत में इस बात की पुष्टि की और बताया कि भारतीय टीम प्रबंधन ने इस प्रतिबंध के ख़िलाफ़ अपील की है.
अंतरराष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन के प्रवक्ता अर्जन मीजर ने कहा,''शिवेंद्र ने मैच के दौरान जानबूझकर पाकिस्तानी खिलाड़ी को मारा था जिसके कारण उन पर तीन मैचों के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है.''
उनका कहना था कि भारतीय टीम इसके ख़िलाफ़ अपील कर सकती है. अपील करने पर एक ज्यूरी इस मामले की जांच करेगी.
भारतीय टीम का कहना है कि मैच के दौरान रैफ़री ने शिवेंद्र को पीला या लाल कोई कार्ड नहीं दिखाया था और न ही कोई चेतावनी दी थी.
प्रतियोगिता में मंगलवार को भारत का विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से मैच है.
ग़ौरतलब है कि भारतीय हॉकी टीम ने पहले मुक़ाबले में पाकिस्तान को 4-1 के बड़े अंतर से हराया था.
दिल्ली में खेले गए इस मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और पाकिस्तान पर दवाब बनाए रखा.