लॉर्ड्स जीत के बाद पूर्व पाक कप्तान ने कहा, भारत के पास इस समय बेस्ट बॉलिंग अटैक है
नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण में कुछ तो दम है जिसके चलते टीम इंडिया ओवरसीज परिस्थितियों में बड़े कांटे के मैच जीतने में कामयाब रही है। भारतीय गेंदबाजों ने अपने दम पर ऐसे-ऐसे मैच निकाल कर दिए हैं जो बाकी टीमें जीतने का सोच भी नहीं सकती थी। भारत को गेंदबाजी के दम पर एक ऐसी ही जीत लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में मिली है।
यहां पर विराट कोहली एंड कंपनी ने इंग्लैंड को 151 रनों से कुचल दिया और 1-0 से लीड हासिल कर ली जबकि अभी इस सीरीज में तीन मुकाबले होने बाकी हैं।
इस मैच में सबसे बड़ा ड्रामा आखिरी दिन देखने को मिला जब भारतीय टीम ने लंच के ठीक बाद अपनी पारी घोषित कर दी और इंग्लैंड को 60 ओवर में जीतने के लिए 272 रनों का लक्ष्य दिया। यहां से इंग्लैंड की टीम मैच ड्रा करने के बारे में सोच सकती थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने तो कुछ और ही प्लान बनाया था। भारत ने मैच में आधा घंटा शेष रहते हुए केवल 120 रनों पर ही अंग्रेजों को ढेर कर दिया।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा का कहना है कि मौजूदा टीमों में किसी के पास भी भारत से बेहतरीन बॉलिंग अटैक नहीं है। रमीज राजा यहां टेस्ट क्रिकेट की बात कर रहे हैं जहां पर भारत ने कमाल कर के दिखाया है।
रमीज राजा कहते हैं, "एक समय था जब भारत स्पिन गेंदबाजी के दम पर मैच पर पकड़ बनाने की कोशिश करता था लेकिन अब तो वह दिन भी दूर चले गए हैं। मोहम्मद शमी ने बल्ले से अपनी सबसे बेहतरीन पारी खेली। मोहम्मद सिराज प्रदर्शन करने के लिए विराट कोहली जैसे भूखे हैं। जब भी उनको अपने हाथ में बॉल मिलती है तो वह गेम को बदलने की कोशिश में लग जाते हैं।"
रमीज राजा का कहना है कि मोहम्मद सिराज ने छोटे से टेस्ट करियर में अच्छा नाम बना लिया है। वे आगे कहते हैं भारतीय टीम अब बिल्कुल अलग किस्म की है। यह जीत पूरी तरह से विराट कोहली की है। जिस तरीके से चौथी पारी में जाने से पहले उन्होंने अपनी टीम को संभाला और कप्तानी की, वह बहुत सकारात्मक था। उन्होंने इंग्लैंड को केवल 2 सत्रों में ऑल आउट कर दिया।"
दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला अब हेडिंग्ले में होगा जो 25 अगस्त से शुरू हो रहा है। भारत के पास ऑस्ट्रेलिया की महान जीतों के बाद इंग्लैंड में भी परचम लहराने का मौका है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
