सानिया मिर्ज़ा के बाद भारत के सोमदेव देवबर्मन भी यूएस ओपन के एकल मुक़ाबले से बाहर हो गए हैं. पुरुषों के सिंगल्स मुक़ाबले के दूसरे दौर में सोमदेव को जर्मनी के फिलिप कोलश्राइबर ने चार सेटों तक चले मैच में 6-3, 6-4, 0-6, 6-2 से मात दी.
तीसरे सेट के अलावा सोमदेव इस मैच में कोई ख़ास प्रदर्शन नहीं कर पाए. क्वालीफ़ाइंग राउंड से गुज़रने के बाद मुख्य ड्रॉ में पहुँचे सोमदेव देवबर्मन ने पहले दौर का मैच जीता था. लेकिन दूसरे दौर में बड़ी प्रतियोगिता में खेल पाने का कम अनुभव और दबाव उनपर हावी दिखा.
वापसी पहले सेट में सोमदेव 6-3 से हार गए तो दूसरे सेट में कोलश्राइबर ने उन्हें 6-4 से पीट दिया. उस समय ऐसा लगा कि सोमदेव सीधे सेटों में हार जाएँगे. लेकिन सोमदेव ने ज़बरदस्त वापसी की और एक के बाद एक सर्विस ब्रेक की.
उन्होंने कोलश्राइबर को 6-0 से पीटकर मैच में जान फूँकने की कोशिश की. लेकिन तीसरे सेट में बैकफ़ुट पर नज़र आए कोलश्राइबर ने अगले सेट में सोमदेव को कोई मौक़ा नहीं दिया. उन्होंने चौथे सेट में सोमदेव को 6-2 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया. अब भारत की चुनौती सिर्फ़ डबल्स और मिक्स्ड डबल्स मुक़ाबले में रह गई है.