भारत के नंबर वन टेनिस खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन ने अमरीकी ओपेन टेनिस प्रतियोगिता के लिए क्वालिफ़ाइ कर लिया है. न्यूयॉर्क के फ़्लशिंग मेडोज़ में हुए क्वालिफ़ाइंग मैच में सोमदेव ने पोलैंड के जेर्सी जेनोविच को 6-3, 6-2 से हराकर यह कामयाबी हासिल की.
पिछले सात वर्षों में पहली बार कोई भारतीय खिलाड़ी को यूएस ओपेन के लिए क्वालिफ़ाइ कर पाया है. इसके पहले 2002 में भारत के प्रकाश अमृतराज ने यूएस ओपेन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था.
सोमदेव किसी ग्रैंड स्लैम के सिंगल्स के लिए इसके पहले क्वालिफ़ाइ करने की तीन बार कोशिश कर चुके हैं, लेकिन कामयाबी उन्हें इस बार यूएस ओपेन में मिली.
इस मैच में सोमदेव ने पहले जेर्सी की सर्विस ब्रेक की और फिर खु़द एक ब्रेक पॉइंट को बचाते हुए पहला सेट जीता. दूसरे सेट में उन्होंने दो बार सर्विस ब्रेक कर एक शानदार जीत हासिल की.