जोहांसबर्ग, 9 जुलाई: पाकिस्तान में पिछले दिनों हुए बम धमाकों की घटनाओं के बाद चैम्पियंस ट्राफी को लेकर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की चिंता बढ़ गई है। चिंता को कम करते हुए दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि यदि टूर्नामेंट पाकिस्तान में नहीं हो पाता है तो वह इसकी मेजबानी लिए तैयार है।
हालांकि आईसीसी ने उसे अतिरिक्त मेजबान के तौर पर दक्षिण अफ्रीका को चयनित नहीं किया है, लेकिन इसके बावजूद वह मेजबानी के लिए राजी है। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख जेराल्ड मजोला ने एक समाचार पत्र से बातचीत के दौरान कहा है किअगर आईसीसी अनुरोध करता है तोवो दिशा-निर्देशों पर गौर करते हुए चैंपियंस ट्राफी की मेजबानी कर सकते हैं।
उन्होंने इस बात का भरोसा दिलाया कि यदि आखिरी वक्त में भी प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी उनके देश को दी गई तो वो बखूबी निभा लेंगे।
उधर,श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप मेंडिस ने कहा है कि चूंकि इस महीने भारतीय क्रिकेट टीम उनके देश का दौरा करने वाली है, लिहाजा उनके यहां के सभी आयोजन स्थल पूरी तरह तैयार हैं। श्रीलंकाई बोर्ड को चैंपियंस ट्राफी के आयोजन में कोई दिक्कत नहीं होगी।
पाकिस्तान में चैंपियंस ट्राफी का आयोजन होगा या नहीं, इस बात का फैसला आईसीसी की स्वतंत्र सुरक्षा समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस बीच, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के क्रिकेट बोर्डो ने अपने स्तर पर पाकिस्तान के आयोजन स्थलों पर सुरक्षा संबंधी जांच कराई है।