नयी दिल्ली (ब्यूरो)। आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग को लेकर पूरे देश में हड़कंप है। और हो भी क्यों ना, भारत में क्रिकेट को भगवान जो माना जाता है। कल रात से ही इस पूरे मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद स्पॉट फिक्सिंग में नये-नये खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच अब ये साफ हो गया है कि इस फिक्सिंग के पीछे किसका हाथ है। खुलासा हुआ है कि फिक्सिंग के तार दुबई से जुड़े हैं। पूछताछ के दौरान इस पूरे फिक्सिंग मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन और डी कंपनी का मालिक दाऊद इब्राहिम शामिल हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जो बुकीज इस स्पॉट फिक्सिंग में शामिल थे वो दाऊद गैंग के हैं। बताया जा रहा है कि ये बुकीज दाऊद इब्राहिम के इशारे पर काम कर रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार जुपिटर नाम का बुकी राजस्थान रॉयल्स के सात से आठ खिलाड़ियों के संपर्क में था। अभी कुछ और खिलाड़ी भी इस मामले में गिरफ्तार हो सकते हैं। पिछले दो हफ्ते से बुकीज़ के खिलाफ मुंबई पुलिस की कार्यवाही लगातार चल रही थी। कल भी तीन बुकी को अरेस्ट किया गया था।
मालूम हो कि दिल्ली पुलिस ने स्पॉट फिक्सिंग में जिन बुकी को गिरफ्तार किया है उनमें जनार्दन, अमित सिंह, पटेल, एन एस नय्यर शामिल हैं। इससे पहले मुंबई पुलिस ने परसों देर शाम रमेश व्यास नाम के बुकी को गिरफ्तार किया था। उसने खुलासा किया कि जुपिटर, बंटी और कोठारी तीन बुकीज़ के ज़रिए आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग की जा रही है। जुपिटर, बंटी और कोठारी तीनों डी गैंग के हैं और दुबई से ऑपरेट करते हैं। दरअसल, रमेश व्यास की निशानदेही पर जुपिटर, बंटी और कोठारी के फोन टैप किए गए थे।
गौरतलब है कि एक समय के जाने-माने तेज गेंदबाज और टीम इंडिया में केरल एक्सप्रेस के नाम से प्रसिद्ध क्रिकेटर एस श्रीसंत और राजस्थान रॉयल्स दो अन्य खिलाडियों अंकित चव्हाण और अजित चंडिला को बीती रात मुंबई के ट्राइडेंट होटल से आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार किया। इन खिलाडि़यों को दिल्ली लाया जायेगा जहां उनसे पूछताछ होगी। फिलहाल पुलिस ने तीनों खिलाडियों पर आईपीसी की धारा 420 और 120(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।