नई दिल्ली। आईपीएल 6 में स्पॉट फिक्सिंग मामले में फंसे राजस्थान रॉयल्स टीम के तीन क्रिकेटरों एस श्रीसंत, अजित चंडीला और अंकित चौहान की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस अब टीम के मालिक राज कुंद्रा से पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि स्पॉट फिक्सिंग में तीन खिलाडि़यों ने पैसे लेकर किसी निश्चित ओवर में अधिक रन देने की बात की थी। जिसके संबंध में टीम के ओनर से बात की जा रही है। स्पॉट फिक्सिंग की आंच बॉलीवुड तक भी पहुंच गई, जिसमें विंदू दारा सिंह के बाद चेन्नई सुपर किंग्स टीम के सीईओ गुरूनाथ मयप्पन की गिरफ्तारी हो चुकी है।
हालांकि विंदू सिंह की जमानत हो गयी है पर उसने स्पॉट फिक्सिंग में बॉलीवुड के दो सुपर स्टारों के शामिल होने की भी बात की थी, जिसमें एक गुजरे जमाने का और एक आज का सुपर स्टार है। गिरफ्तारी किये जाने पर विंदू ने मयप्पन का नाम लिया था लेकिन बाद में वह इससे मुकर गया और कहा कि मयप्पन का स्पॉट फिक्सिंग में कोई रोल नहीं हैं।
गिरफ्तार किये गये खिलाड़ी श्रीसंत ने पहले पुलिस को बताया था कि 'मैंने बहुत बड़ी गलती की है। इसके बाद वह भी अपने बयान से मुकर गया और कहा कि मुझे फंसाया गया है। दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। श्रीसंत की रिमांड 18 जून तक के लिए और बढ़ा दी गई है।
वहीं बीसीसीआई में मामले की जांच के लिए जगमोहन डालमिया को अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि एन श्रीनिवासन मामले की जांच पूरी हो जाने तक खुद को कार्यभार से मुक्त रखेंगे।