Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

ओलंपिक चैंपियनों पर तोहफों की बरसात जारी

सोनीपत। लंदन ओलंपिक में अपने देश का परचम लहराने वाले खिलाड़ियों पर तोहफों की बरसात अभी भी जारी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए तोहफों की बरसात कर दी। मुख्यमंत्री ने सोनीपत के गोहाना में हरियाणा के ओलंपिक खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों के सम्मान में आयोजित 'नागरिक अभिनंदन समारोह' में ओलंपिक खेल-2016 के लिए पुरस्कार राशि को बढ़ाकर दोगुना करने की घोषणा की।

अब रियो (ब्राज़ील) ओलंपिक खेल-2016 में हरियाणा के खिलाड़ियों को ओलंपिक में स्वर्ण पदक के लिए 5 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 3 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेता के लिए 2 करोड़ रुपये दिए जायेंगे। इसके अलावा, प्रतिभागी खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि 11 लाख रुपये से बढ़ाकर 21-21 लाख रुपये करने की घोषणा की और हरियाणा के ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए जमीन की उपलब्धता के अनुसार पांच खेल अकादमियां भी स्थापित की जायेंगी।

मुख्यमंत्री ने ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त के गांव भैंसवाल कलां को विकास कार्यों के लिए दो करोड़ रुपये, गगन नारंग के पैतृक गांव सिमला गुजरान तथा सुशील कुमार के मातृ गांव निलोठी के लिए एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पहलवान अमित कुमार को हरियाणा पुलिस में निरीक्षक के पद पर नियुक्त करने की घोषणा की।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति डॉ खोखर को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय में किसी संस्था का नाम साईना नेहवाल के नाम पर रखा जाये ताकि युवाओं को प्रेरणा मिलती रहे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रशिक्षण मिले, इसके लिए हरियाणा में 790 खेल प्रशिक्षकों की शीघ्र ही भर्ती की जायेंगी, जिसका उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

समारोह में हरियाणा तथा प्रदेश से संबंध रखने वाले 19 ओलंपिक खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को कुल 6 करोड़ 65 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई। मुख्यमंत्री श्री हुड्डा ने ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को रजत पदक के लिए डेढ़ करोड़ रुपये, कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त, कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग तथा कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साईना नेहवाल को एक-एक करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार तथा लग्जरी ऑडी क्यू कारें तथा प्रतिभागियों को 11-11 लाख रुपये नकद पुरस्कार तथा मारुति एसएक्स4 लग्जरी कारों की चाबियों के साथ-साथ एलईडी टीवी, हैंडीकैम तथा डीवीडी भी उपहार स्वरूप सौंपी। इसके अलावा, हुड्डा ने सभी खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों को एक-एक लाख रुपये, शॉल तथा स्मृति चिह्न भी सम्मान स्वरूप प्रदान किया।

सम्मानित होने वाले अन्य ओलंपिक प्रतिभागी खिलाड़ियों में पहलवान अमित कुमार, महिला निशानेबाज अनुराज सिंह व संजीव राजपूत जूड़ो खिलाड़ी गरिमा चौधरी, महिला पहलवान गीता फौगाट, मुक्केबाज जय भगवान, विजेन्द्र सिंह, मनोज कुमार व विकास कृष्ण, डिस्कस थ्रोअर कृष्णा पुनिया व सीमा अंतिल, शॉट पुटर ओम प्रकाश सिंह तथा हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह तथा सरदारा सिंह शामिल हैं।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 13:00 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+