बैंगलोर। आईपीएल 6 में हुई स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों का सामना कर रहे क्रिकेटर श्रीसंत ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है कि 'मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है, यह सिर्फ वक्त का एक बुरा दौर है। मैं कड़ी मेहनत करूंगा और इंतजार करूंगा कि सब कुछ ठीक हो जाय।' मैंने हमेशा ही अपना सौ फीसदी दिया है, मुझ पर यकीन बनाये रखे।
गौरतलब है कि श्रीसंत सहित राजस्थान रॉयल्स टीम के तीन खिलाडि़यों को दिल्ली पुलिस ने स्पॉट फिक्सिंग में शामिल होने के कारण गिरफ्तार किया था। जिसमें से एस श्रीसंत और अंकित चौहान की तो जमानत हो गयी है, वहीं अजित चंडीला अब भी जेल में हैं।
स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण की जांच के लिए गठित की गई दो सदस्यीय टीम ने रिपोर्ट बीसीसीआई को सौंप दी है। जिसके आधार पर 28 जुलाई को कोलकाता में बीसीसीआई की बैठक हुई और इसमें चेन्नई सुपर किंग्स टीम के सीईओ गुरूनाथ मयप्पन और राजस्थान रॉयल्स टीम के राज कुंद्रा को क्लीन चिट दे दी गई है।
श्रीसंत ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि 'मैंने टीम से खेलते हुए अपना सौ फीसदी देने की कोशिश की है और आगे भी मैं इसे जारी रखूंगा। कृप्या मुझ पर यकीन बनाये रखें।